आसनसोल : आसनसोल नगर निगम चुनाव के लिये शुक्रवार की शाम बीएनआर स्थित तृणमूल भवन में प्रेसवार्ता आयोजित कर राज्य के श्रम मंत्री मलय घटक ने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची जारी की.
आसनसोल नगर निगम के प्रशासक सह विधायक तापस बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के शिल्पांचल जिलाध्यक्ष वी शिवदासन दासू , पूर्व मेयर परिषद सदस्य अनिमेष दास आदि उपस्थित थे.
प्रत्याशियों की सूची जारी करने के पश्चात श्रम मंत्री मलय घटक ने कहा कि टीएमसी को छोड़कर आसनसोल में अन्य किसी दल का अब अस्तित्व नहीं रह गया है. वार्ड संख्या 55 तथा वार्ड संख्या 82 के लिये उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं की गयी है. इनकी घोषणा बाद में की जायेगी. वार्ड संख्या 54 के लिये दो प्रार्थियों का नाम रखा गया है.
जिसमें आकाश मुखर्जी तथा कल्याण दासगुप्ता का नाम चयन किया गया है. जिसमें कल्याण दासगुप्ता इसीएल में नौकरी करते हैं, अगर उनका इस्तीफा मंजूर हो जायेगा तो वे उस वार्ड से उम्मीदवार होंगे. दूसरी तरफ उनका इस्तीफा मंजूर नहीं होने पर आकाश मुखर्जी को उम्मीदवार बनाया जायेगा. साथ ही वार्ड संख्या 12 में भी दो उम्मीदवार है.
दोनों इसीएल कर्मी है. जिनका इस्तीफा पहले मंजूर होगा. वह उस वार्ड के प्रार्थी होंगे. जबकि वार्ड संख्या 55 तथा वार्ड संख्या 82 के लिये उम्मीदवारों का चयन नहीं किया गया. जिस पर पार्टी नेतृत्व कुछ दिनों में निर्णय लेंगे. रानीगंज के विधायक सोहराब अली को टिकट नहीं दिये जाने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च नेतृत्व निर्णय लेंगे.
विधायक उज्जवल चटर्जी को टिकट नहीं देने पर उन्होंने साफ कुछ बताने के बजाय यह निर्णय उच्च नेतृत्व द्वारा किये जाने की बात कही. उन्होंने कहा कि आसनसोल शिल्पांचल में विकास की धारा को बनाये रखने के लिये तृणमूल कांग्रेस प्रतिबद्ध है. साथ ही आसनसोल में एक मात्र विकास करने का सामथ्र्य तृणमूल कांग्रेस का ही है.
इस दौरान उन्होंने तृणमूल सरकार द्वारा आसनसोल में किये गये विकास कार्यो पर चर्चा की. विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल क्या करते हैं, उस मामले से तृणमूल कांग्रेस का कुछ लेना-देना नहीं है. उन दलों के पास चुनाव लड़ने के लिये उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे थे. जबकि तृणमूल कांग्रेस में एक वार्ड के लिये 10 प्रत्याशियों का नाम आया था. जिस पर निर्णय लेने में देर होने पर तृणमूल कांग्रेस द्वारा सूची जारी करने में देर हुई.
