आरा : बीती रात करीब दो बजे नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर बाजार से आधा किलोमीटर पहले लाइन होटल संचालक व उसके दोस्त को अपराधियों ने साये अवस्था में ही गोली मार दी, जिसके कारण नारायणपुर निवासी लाइन होटल संचालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उसके दोस्त पीरो थाना क्षेत्र के धोखराही टोला निवासी को भी अपराधियों ने गोली मार कर जख्मी कर दिया, जिसे नारायणपुर थाना पुलिस ने आरा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भरती कराया.
चिकित्सकों ने चिंताजनक स्थिति में बेहतर इलाज के लिए धोखराही टोला निवासी अशोक महतो को पटना रेफर कर दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार नारायणपुर बाजार से आधा किलोमीटर पहले बुधवार की रात्रि एक लाइन होटल पर संचालक शिव कुमार सिंह के 35 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार सिंह अपने दोस्त पीरो थाना क्षेत्र के धोखराही टोला निवासी अशोक महतो के साथ होटल में ही सोये हुए थे, तभी अपराधियों ने सोये अवस्था में ही दोनों को गोली मार दी. नारायणपुर निवासी शिव कुमार सिंह के पुत्र विनोद कुमार सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि अशोक महतो गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
नारायणपुर थाना पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने अशोक महतो को पटना रेफर कर दिया, जबकि विनोद कुमार सिंह के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया. घटनास्थल से पुलिस ने लावारिस मोटरसाइकिल भी बरामद किया. इसके आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में लगी हुई है. जांच में आपसी रंजिश में गोली मारे जाने की चर्चा है, जबकि मोटरसाइकिल के अलावे पुलिस को अभी तक कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा है.
