बर्नपुर : सेल से जुड़े इस्को स्टील प्लांट (आइएसपी) ने गुरुवार को 45 वैगनों में इस्पात ब्लूम का पहला निर्यात डिस्पैच किया. प्लांट के पश्चिमी यार्ड से 2764 मीट्रिक टन को रवाना किया गया.
प्लांट से उत्पादित इस्पात की गुणवत्ता निर्धारित क्वालिटी को पूरी तरह से क्वालिफाइ करती है. कंपनी सूत्रों ने बताया कि नेपाल में आये भूकंप से हुई भारी क्षति के बाद वहां बड़े पैमाने पर पुनर्वास कार्य शुरू किया गया है. इस कार्य के लिए नेपाल को यह इस्पात निर्यात किया गया. इन ब्लूमों से उपयोग कर रौलिंग मिलों में भूकंपरोधी टीएमटी बार बनाये जायेंगे. नेपाल से कुल 5500 मीट्रिक टन का ऑर्डर प्राप्त हुआ है.
इसके तहत पहली खेप गुरुवार को भेजी गयी है. दूसरी व अंतिम खेप अगस्त माह के पहले सप्ताह में भेजी जायेगी. सनद रहे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में आइएसपी के आधुनिक व विस्तारित इस्को स्टील प्लांट को राष्ट्र को समर्पित किया था. आधुनिकीकरण व विस्तार से इस प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 0.85 मिलियन टन से बढ़ कर 2.9 मिलियन टन हो गयी है. इससे ग्रीन व उच्च गुणवत्ता का इस्पात बनाने का नया अध्याय शुरू हुआ है.
नये आधुनिक व विस्तारित प्लांट से राष्ट्र्रीय व अंतर्राष्ट्रीय ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता के उत्पाद उपलब्ध कराये जा रहे हैं. इसके पहले सेल ने नेपाल को भारतीय दूतावास के माध्यम से भूकंप के बाद पुनर्वास कार्य के लिए 50 टन जीसी शीट्स उपलब्ध कराया था.
