आसनसोल : केंद्रीय राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद बाबुल सुप्रियो ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए अरबों रुपये दे रही है, राज्य सरकार उसे नहीं ले रही है. केंद्र सरकार पर आरोप लगाया जाता है कि सरकार पैसा नहीं देती है.
95 एमएलडी डिज़ाइन्ड कैपेसिटी के लिए आसनसोल को 384.96 करोड़ रुपये और दुर्गापुर को 287.53 करोड़ रुपये की मंजूरी केंद्र सरकार ने 12 सितम्बर 2019 को दी, लेकिन इस फंड को उपयोग करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई न होने से यह फंड पड़ा हुआ है.
इसके उपयोग से इलाके का जो विकास होता वह पूरी तरह बाधित हो रहा है. रविवार को आसनसोल स्थित एक होटल में पत्रकार सम्मेलन में यह जानकरी केंद्रीय राज्य मंत्री श्री सुप्रियो ने दी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न मदों में राज्य सरकार को जो भी पैसे दिए उसका उपयोग वह नहीं कर पाई है. जिसका सीधा खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है.
कुल्टी पेयजल परियोजना पर फेसबुक पर जारी एक पोस्ट पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पोस्ट में लिखा गया है कि जो व्यक्ति यह मान रहे हैं कि यह परियोजना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अनुप्रेरणा से जितेंद्र तिवारी के प्रयास से पूरा हुआ है, वे लोग पानी का कनेक्शन के लिए कुल्टी में अपना आवेदन जमा दें. जिन्हें यह लगता है कि यह जल प्रकल्प माननीय बाबुल सुप्रियो के प्रयास से हुआ है, वे लोग अपना आवेदन बाबुल सुप्रियो के घर पर जाकर जमा दें.
श्री सुप्रियो ने कहा कि इस तरह का पोस्ट गंदी राजनीति का प्रतीक है. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सीवेज प्लांट के लिए केंद्र सरकार द्वारा राज्य को आवंटित किए गए हजारों करोड़ रुपये का आंकड़ा पेश किया.
