बुधवार को इसीएल टास्क फोर्स ने की थी छापामारी
रात हो जाने के कारण कोयला जब्त नहीं की जा सकी
ओसीपी के डिपू में करीब आठ सौ टन कोयला में से सिर्फ सौ टन ही मिले
ओसीपी संचालक के रूप में स्थानीय मोहिबुल शेख को आरोपी बनाया गया
आसनसोल : जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत इसीएल कुनुस्तोरिया एरिया के सार्थकपुर इलाके में चल रही कोयले की अवैध ओसीपी के डिपू से ईसीएल टास्क फोर्स की टीम ने गुरुवार को सौ टन कोयला जब्त किया. बुधवार को यहां छापामारी हुई थी. रात हो जाने के कारण कोयला डिपू से नहीं उठाया जा सका. गुरुवार सुबह से तीन जेसीबी मशीन और छह डंपर लगाकर शाम तक सारा कोयला उठाया गया.
पुलिस से जिम्मेनामा लेकर सारा कोयला बेलबांध रेलवे साईडिंग में जमा कराया गया. टास्क फोर्स के प्रभारी सह इसीएल के उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी मेजर राजा पाल ने बताया कि ओसीपी संचालकों ने रात को ही डिपू से सारा कोयला निकाल लिया. डिपू में सौ टन कोयला बचा था उसे जप्त किया गया. ओसीपी संचालक के रूप में जामुड़िया अख्खलपुर के निवासी मोहिबुल शेख को आरोपी बना कर जामुड़िया थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है.
सनद रहे कि बुधवार को कंपनी की टास्क फोर्स टीम ने जामुड़िया थाना क्षेत्र के सार्थकपुर में इलाके में चल रही कोयले की एक अबैध ओसीपी में छापामारी की थी. टीम के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मी और सीआईएसएफ के जवान शामिल थे. टास्क फोर्स के प्रभारी मेजर पाल ने बताया कि ओसीपी के डिपू में करीब आठ सौ टन कोयला पाया गया था.
इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंची. छापामारी में शाम हो जाने के कारण डिपू से कोयला उठाया नहीं जा सका है. गुरुवार सुबह जब टीम कोयला उठाने के लिए मशीन लेकर गयी तो अधिकांश कोयला गायब हो चुका था. बचा हुआ सौ टन कोयला जप्त किया गया. खदान संचालक के रूप में स्थानीय मोहिबुल शेख को आरोपी बनाकर थाने में शिकायत दर्ज की गयी है.
