पानागढ़ : बीरभूम जिले के बोलपुर थाना के रायपुर सुपुर पंचायत अधीन महिदापुर स्थित मिर्जा पाडा आंगनबाड़ी केंद्र स्थित स्कूल में मिड डे मील में बच्चों को निम्न स्तर का चावल व सड़ा केला देने का मामला प्रकाश में आया है. इस घटना के खिलाफ छात्रों के अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षिका और कर्मियों का घेराव कर प्रदर्शन किया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी और स्थिति को काबू में किया. अभिभावकों का आरोप है कि विगत कई माह से आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचने वाले बच्चों को मिड डे मील के तहत निम्न स्तर का खाना दिया जा रहा है. सड़े चावल तथा सामग्रियों से खाना बनाकर उन्हें परोसा जा रहा था. इस घटना को लेकर कई बार शिकायत भी की गयी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी.
शनिवार को एक बार स्कूल के छात्रों को मिड डे मिल में घटिया चावल व सड़ा केला दिया गया था, जिसे देख कर अभिभावक भड़क गये. अभिभावकों ने स्कूल की शिक्षिका अंजना दत्त तथा मिड डे मील बनाने वाली कर्मियों का घेराव कर आक्रोश जताया. अभिभावकों के इस आरोप को विद्यालय की शिक्षिका अंजना दत्त ने बताया कि अभिभावकों का आरोप बेबुनियाद है. हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि यहां पर आधारभूत सुविधाओं की कमी है. घटना को लेकर पुलिस तथा संबंधित अधिकारियों ने पहुंचकर मामले को लेकर जांच का आश्वासन दिया है.
