चुनावी रणनीति. प्रदेश भाजपा कमेटी का दो दिवसीय चिंतन शिविर दुर्गापुर में समाप्त
विधानसभा चुनाव लड़ा जायेगा केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं पर
पार्टी कर्मियों पर हो रहे तृणमूल के हमलों के खिलाफ पूरे राज्य में होगा आंदोलन
दुर्गापुर : वर्ष 2021 में होनेवाले पश्चिम बंगाल राज्य विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को अपना आधार बनायेगी. इसके साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ जनाक्रोश को भी मुद्दा बना कर कटमनी जैसे मुद्दों को आम लोगों के बीच ले जाया जायेगा. शनिवार से शुरू पार्टी के दोदिवसीय चिंतन शिविर का समापन निजी होटल में हुआ.
राज्य भाजपा प्रभारी कैलाश विजयर्वीय, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, केंद्रीय राज्यमंत्री देवश्री चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो, सांसद डॉ सुभाष सरकार, सांसद एसएस अहलूवालिया, सांसद सौमित्र खां, सांसद अर्जुन सिंह, राज्य भाजपा कमेटी के नेता शिव प्रकाश, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकुल राय, राष्ट्रीय महासचिव सुरेश पुजारी, राहुल सिन्हा, विश्वप्रिया रायचौधरी, अरविंद मान्ना, संजय सिंह, सुब्रत बनर्जी, संतायन बसु, भारती घोष आदि बैठक में शामिल हैं.
राज्य भाजपा प्रभारी सह राष्ट्रीय महासचिव श्री विजयर्वीय ने कहा कि चिंतन बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाई गई. राज्य में पार्टी के सदस्यता अभियान को काफी सफलता मिली है. इन सदस्यों को पार्टी के सक्रिय सदस्य के रूप में बदलने तथा पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होगी.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यों से आम जनता में पार्टी के प्रति काफी सकारात्मक प्रभाव है. जम्मू-कश्मीर से धारा 370 तथा 35ए हटाने का पूरे देश ने स्वागत किया है. जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसका विरोध किया है. बंगाल की जनता इससे काफी नाराज है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर ले जाने की रणनीति बनाई गई है. उन्होंने कहा कि तृणमूल पूरी तरह से जनता से कट गई है तथा जनता में परिवर्त्तन का मूड साफ दिख रहा है.
प्रशांत कुमार की रणनीति उन्हें बचा नहीं पायेगी. आनेवाले विधानसभा चुनाव में पार्टी ही परिवर्त्तन की सरकार गठित करेगी और तभी सही मायने में परिवर्त्तन हो सकेगा. उन्होंने कहा कि सत्ता से जा रही तृणमूल के कर्मियों का हमला भाजपा कर्मियों तथा आम जनता पर बढ़ रहा है. आनेवाले समय में इसे राजनीतिक मुद्दा बना कर पूरे राज्य में आंदोलन किया जायेगा.
श्री विजयवर्गीय ने कहा कि वर्ष 2018 के पंचायत चुनाव में भाजपा का कई जिलों में अच्छा प्रदर्शन रहा है. वर्ष 2019 के संसदीय चुनाव में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 संसदीय सीट जीती है. इससे पार्टी की उम्मीद काफी बढ़ गई है. आने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा नया इतिहास बनायेगी. हर जिला, ब्लॉक, पंचायत स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बना कर काम करते हुए लोगो के समक्ष केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ले जाना है.
