पानागढ़ : पानागढ़ बाजार गुरु नानक गुरुद्वारा में शनिवार शाम जागृति यात्रा का भव्य स्वागत किया गया. बुदबुद बाईपास से जागृति यात्रा को लेने के लिए भारी संख्या में सिख समुदाय के युवक दो पहिया वाहन से पहुंचे थे. विशाल जुलूस के साथ उक्त जागृति यात्रा के वाहन को गुरुद्वारा प्रांगण तक लाया गया.
इस दौरान पानागढ़ बाजार गुरु नानक गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से जागृति यात्रा में मौजूद लोगों तथा अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया. पानागढ़ गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरबंस सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव के मद्देनजर कर्नाटक के झिराविदेर से जागृति यात्रा दो जून को शुरू की गयी थी.
महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा के बरगढ़, संबलपुर, झारसुगुड़ा, भुबनेश्वर, ब्रजराजनगर, राजगांगपुर, कांसबहाल, कोलकाता होते हुए शनिवार को पानागढ़ गुरुद्वारा पहुंची. यहां गुरुद्वारा में लंगर एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए. बताया जाता है कि देश के 21 राज्य में उक्त जागृति यात्रा पहुंचेगी.
