बांकुड़ा : पात्रसायर थाना इलाके के काकड़डांगा में पुलिस के गोली से दो भाजपा कर्मियों समेत कक्षा आठ के छात्र सौमेन बाउरी के जख्मी होने के विरोध में रविवार को बिष्णुपुर सांगठनीक जिला भाजपा की अगुआई में शाम चार बजे से पथ अवरोध किया गया. वही बांकुड़ा सांगठनिक जिला भाजपा ने भी पथ अवरोध किया.
बांकुड़ा सांगठनिक जिला के आह्वान पर बांकुड़ा स्टेशन मोड़, भैरव स्थान, झांटीपहाड़ी, छातना, मेजिया एवं जंगलमहल इलाके में घटना के विरोध में सांकेतिक अवरोध किया. वहीं बिष्णुपुर सांगठनिक जिला के आह्वान पर ओंदा, सोनामुखी, पात्रसायर, इंदास, बेलियातोड़, बरजोड़ा, जयपुर, कोतुलपुर इत्यादि जगहों पर भाजपा ने पथ अवरोध किया. शनिवार को पात्रसायर थाना इलाके में तृणमूल कांग्रेस के जनसंपर्क पदयात्रा शुरू की गई थी.
इस दौरान जिले के ऑब्जर्वर शुभेंदु अधिकारी शामिल थे. शाम को पदयात्रा समाप्त हो जाने के पश्चात शुभेंदु अधुकारी के कोतुलपुर जाते वक्त भाजपा कार्यकर्ताओं के जयश्री राम कहने पर पुलिस ने लोगों को खदेड़ा. घटना के जवाब में भाजपाइयों के तरफ से उग्र होकर पुलिस कर्मियों पर पत्थर और ईंट हमला किया गया. इसके जवाब में पुलिस को गोली चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा. इसमें सौमेन बाउरी छात्र समेत तीन लोगों को गोली लगी.
बिष्णुपुर सांगठनिक जिला के महासचिव अमरनाथ शाखा का कहना कि घटना के विरोध सांगठनीक जिला इलाके में एक घंटे पथ अवरोध चलाया गया. वहीं बांकुड़ा सांगठनीक जिला अध्यक्ष विवेकानंद पात्र ने बताया कि सभी मंडलों में 12 से साढ़े बारह बजे तक पथ अवरोध कार्यक्रम चलाया गया. सोमवार को सुबह नौ बजे से बारह बजे तक बांकुड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा.
भाजपा नेता चार दिन की पुलिस हिरासत में
बांकुड़ा. शनिवार शाम पात्रसायर थाना इलाके के काकड़डांगा में पुलिस एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के मामले में भाजपा के मंडल अध्यक्ष तापस कुमार गुईं को गिरफ्तार किया था. उसके पास से एक पाइप गन, एक पिस्तौल, एक टांगी एवं कारतूत, बम बरामद किया था. रविवार को बिष्णुपुर महकमा अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
परिजनों का आरोप की घर से मारते पीटते ले जाया गया था एवं झूठे मामला में फंसाया गया है. भाजपा के जिला नेताओं के अनुसार भाजपा नेताओं को झूठे मामले में फंसाना कोई नई बात नही है. मंडल अध्यक्ष के खिलाफ झूठा मामला लगाया गया है. घटना को लेकर बीते शाम से ही इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है, स्थिति नियंत्रण के आ गई थी.
