सांकतोड़िया : सेना के 28 वर्षीय जवान अभिषेक राय उर्फ़ रवि का पार्थिव शरीर शीतलपुर स्थित उनके घर पर आते ही सोमवार को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी. शव आते ही पूरे शीतलपुर में मातम छा गया. शव से लिपटकर उनके माता-पिता एवं अन्य संबंधी चीत्कार करने लगे. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था.
उल्लेखनीय है कि शीतलपुर निवासी अशोक राय का पुत्र अभिषेक कश्मीर के सोपिया में सेना में आरआर 34 के सिग्नल कोर में कार्यरत था. उन्होंने अपने सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी.
शनिवार की सुबह उनके घर पर अभिषेक की मौत की खबर आई. परिजनों का कहना है कि शुक्रवार की रात लगभग 10 .30 बजे अभिषेक ने अपने माता-पिता के साथ वीडियो कॉलिंग पर बातचीत की थी. तब तो सबकुछ ठीक-ठाक था.
शव को जम्मू से हवाई जहाज से दिल्ली और वहां से कोलकाता लाया गया. सेना के वाहन से सुबह करीब 6:25 बजे घर तक लाया गया. शव पहुंचने की सूचना आग की तरह फ़ैल गई.
शव के आते ही लोगों में मातम छा गया. मृतक के माता-पिता कई बार बेहोश हो गये. वह माता-पिता की इकलौती संतान था. इसी वर्ष मई में उनकी शादी होनी तय थी. पिता ने बताया कि सारी तैयारियां कर ली गई थी.
रोते बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया गया और बड़ी मुश्किल से शव को डिसरगढ़ स्थित मां छिन्मस्तिका घाट दामोदर नदी किनारे महाश्मशान में दाह संस्कार किया गया.
