दुर्गापुर : दुर्गापुर इस्पात संयंत्र (डीएसपी) की सीआइएसएफ इकाई द्वारा मनाये जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. डीआईजी श्री शरद कुमार के नेतृत्व में सीआईएसएफ के उपस्थित सभी अधिकारियों व बल सदस्यों ने स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने और उसके लिए समय देने तथा हर वर्ष सौ घंटे यानी हर सप्ताह दो घंटे श्रम दान करके स्वच्छता के इस संकल्प को चरितार्थ करने की शपथ ली.
मौके पर उप कमांडेंट दीपक कुमार, सहायक कमांडेंट बीके प्रभाकर, सहायक कमांडेंट ए मल्लिक, एके झा के साथ अन्य 150 बल सदस्य मौजूद थे. डीआइजी शरद कुमार ने कहा कि हमलोग न गंदगी फैलाएंगे, न किसी और को फैलाने देंगे. सबसे पहले हम स्वयं से, परिवार से, मोहल्ले से, गांव से और हमारे कार्यस्थल से इसकी शुरुआत करेंगे.
सभी आयामों से हमारे जीवन में स्वच्छता बहुत महत्वपूर्ण है. हमें पूरे जीवनभर इसका ध्यान रखना चाहिए. स्वच्छता बनाये रखने का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, सुन्दरता को बनाये रखना आपत्तिजनक गंध को दूर करने के साथ ही गंदगी और मलीनता के प्रसार से बचना है. उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण स्थानों के साथ-साथ आसपास के इलाके में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का सन्देश दिया जायेगा.
डीटीपीएस मिलेनियम पार्क में सीआइएसएफ का स्वच्छता अभियान
दुर्गापुर. दुर्गापुर थर्मल पावर स्टेशन(डीटीपीएस) की सीआइएसएफ इकाई ने ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत डीटीपीएस मिलेनियम पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया. इकाई कमांडेंट श्री अखिलेश कुमार के नेतृत्व में निष्पक्ष सेवा भाव से सफाई अभियान चलाया गया. अभियान के तहत बल सदस्यों ने श्रमदान कर पूरे पार्क को साफ़ किया. इस मौके पर कमांडेंट श्री अखिलेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता हमें स्वस्थ्य रखती है और विभिन्न प्रकार की बीमारियों से दूर रखती है.
स्वच्छता उस अच्छी आदत की तरह है, जो न केवल एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाती है बल्कि यह एक परिवार, समाज और देश को भी और इस प्रकार पूरे ग्रह को लाभ पहुंचाती है. स्वच्छता को, सभी घरों में बचपन से ही प्राथमिकता देनी चाहिये ताकि ये छोटे बच्चों के बचपन के अभ्यास से आदत बन जाये और सभी के लिये पूरे जीवन भर लाभकारी रहे.
मौके पर निरीक्षक(अग्नि) राकेश कुमार, लिपिक एके पांडेय, एसपी मिश्रा, उपनिरीक्षक आरके सिंह, सहा उपलिपिक महेश सिंह, सहा उपअग्नि एके राय, प्रधान आरक्षक बाबू राम(बीएचएम) सहित अन्य बल सदस्य मौजूद थे.
