कूचबिहार : दीपावली की रात आतिशबाजी जलाने के दौरान एक युवक की मौत हो गयी. उसका नाम अनिर्वाण घोष (36) है. यह दुखद घटना कूचबिहार शहर संलग्न गुड़ियाहाटी-1 ग्राम पंचायत के अंतर्गत मदनमोहन कॉलोनी इलाके में घटी है. घटना के बाद वहां दीपावली का उल्लास शोक में बदल गया. कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात अनिर्वाण बम-पटाखे छोड़ रहे थे. उसी दौरान अनार जलाते समय उसमें धमाका हो गया. अनार का टुकड़ा उनके माथे पर लगा और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े. अनिर्वाण को तत्काल ही जिला अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार किया गया. हालांकि लगातार रक्तस्राव होने के चलते उन्हें एक नर्सिंग होम में स्थानांतरित किया गया. वहीं पर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी.
मृत्यु की खबर सुनने के बाद मंत्री रवीन्द्रनाथ घोष ने मृत युवक के परिवारवालों से मिलकर शोक संवेदना जतायी. मंत्री ने कहा कि पटाखे फोड़ने में हुई मौत दुखद है. वह इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ हैं. मंत्री ने अनिर्वाण की पत्नी के लिए नौकरी की व्यवस्था करने का प्रयास करने का भरोसा दिया है.
सिलीगुड़ी में एक बच्चे समेत 20 जख्मी
सिलीगुड़ी. पटाखों की चपेट में आने से एक बच्चे सहित 20 लोगों के जख्मी होने की खबर है. सिलीगुड़ी जिला अस्पताल व शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों व नर्सिंग होमों से मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात 20 लोग पटाखा जलाते वक्त जख्मी हुए.
घायल बच्चे का इलाज सिलीगुड़ी जिला अस्पातल में चल रहा है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पटाखा फटने से बच्चे के शरीर के कई हिस्सों में जख्म हुआ है. बच्चे के अलावा बाकी सभी लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी.
