आसनसोल : बहुजन क्रांति मोर्चा की परिवर्तन यात्रा को अहमदाबाद (गुजरात) में प्रशासन द्वारा रोके जाने का विरोध तथा राष्ट्रीय संयोजक वामन मेश्राव की रिहाई की मांग को लेकर पश्चिम वर्दवान जिला ईकाई ने मंगलवार को बीएनआर स्थित रवीन्द्र भवन के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया. सनद रहे कि अहमदाबाद प्रशासन ने मोर्चा की परिवर्त्तन यात्रा को रोक दिया तथा राष्ट्रीय संयोजक श्री मेश्राव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
इसके विरोध में सोमवार को देश व्यापी जेल भरो आंदोलन किया गया. पश्चिम वर्दवान जिला ईकाई के सैकड़ों कार्यकर्त्ताओं ने आसनसोल नॉर्थ थाने के समक्ष प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी थी. मंगलवार दोपहर में मोर्चा के कर्मियों ने बीएनआर स्थित रवीन्द्र भवन के समक्ष धरना प्रदर्शन शुरू किया. वक्ताओ ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक श्री मेश्राव को बिना शर्त्त सरकार रिहा करे.
उन्होने कहा कि इस गिरफ्तारी से देश में आंदोलन शुरू हो चुका है. जो लगातार वृहद रूप अख्तियार कर रहा है. केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ मोर्चा ने जो आंदोलन शुरू किया है. उस आंदोलन का दमन करने के उदेश्य से गुजरात प्रशासन ने परिवर्त्तन यात्रा को रोककर श्री मेश्राव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. जिला ईकाई की ओर से मंगलवार को श्री मेश्राव की रिहाई की मांग को लेकर अनिश्चित काल के लिये धरना शुरू किया.
जिसमें साधन रूईदास, सुशील रूईदास, भद्रचंद्र रूईदास, शक्तिपद रूईदास, सुनिल मुर्मू, दामोदर बाउरी, सोरव लोहार आदि शामिल थे. पुलिस अधिकारी अमित हलदार ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन पर किसी प्रकार का विरोध नही होगा. पुलिस प्रशासन हर से सजग रहेगा. सुरक्षा के उचित इंतजाम है.
