दुर्गापुर : दुर्गापुर इस्पात संयंत्र के कोल हैंडलिंग प्लांट साइट में मंगलवार को हॉपर गिरने से उसकी चपेट में तीन कर्मी आ गये. दो कर्मियों को मामूली चोट आईं, जबकि आमीन खान( 39) पूरी तरह दब गया. पांच घंटे के बाद उसे निकाल कर अस्पताल भेजा गया. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. वह मेनगेट की गेमन कॉलोनी का निवासी था. प्रबंधन ने इस दुर्घटना की जांचत के लिए हाई पावर कमेटी का गठन किया है.
डीएसपी में स्क्रैप घोषित लोहा को टेंडर के माध्यम से बेच दिया जाता है. कोल हैंडलिंग प्लांट में भी स्क्रैप पड़ा था. जिसे बेचने के लिए वर्क ऑर्डर हुआ था. एस कंस्ट्रक्शन कंपनी यहां काम कर रही थी. मंगलवार को कंपनी ने बिना किसी वर्क परमिट के कर्मियों को लगाकर काम शुरू कर दिया. काम के दौरान वहां कोई सुपरवाइजर या अधिकारी भी नहीं था.
कर्मी खुद ही काम कर रहे थे. अचानक लोहे का हॉपर अमीन खान और उसके दो साथी पर गिर पड़ा. दो को हल्की चोट आई. अमीन उसमे दब गया.श्रमिक संगठन के नेताओं ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. सेफ्टी कमेटी नहीं होने की बात भी उठाई है. जनसंपर्क अधिकारी चिन्मय समझदार ने बताया कि घटना काफी दु:खद है. संस्था को काम का दायित्व दिया गया था लेकिन उसे काम करने का कोई वर्क परमिट नहीं दिया गया था. । वर्क परमिट देने पर अधिकारी जाकर काम को देखते हैं और उन्हें बताते हैं वहां काम के दौरान कंपनी का कोई सुपरवाइजर भी नहीं था.
