आद्रा/ नितुरिया : सोदपुर एरिया की पारबेलिया कोलियरी अंतर्गत मिर्ज़ा टोला एवं तीन नंबर कॉलोनी का बिजली कनेक्शन ईसीएल द्वारा काटे जाने के प्रतिवाद में स्थानीय लोगों ने पारबेलिया कोलियरी एजेंट एके सिंह सहित अन्य अधिकारियों को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया.
जानकारी के मुताबिक गुरूवार को जिले के नितुरिया थाना अंतर्गत पारबेलिया कोलियरी के मिर्जा टोला एवं तीन नंबर इलाके में सुबह से ही बिजली गुल हो गई.
लोगों को पता चला कि इसीएल प्रबंधन ने बिजली कनेक्शन काट दिया है. लोग गुस्से में आकर पारबेलिया कोलियरी कार्यालय पहुंचे और एजेंट एके सिंह को घेर कर विरोध प्रदर्शन करते हुये जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग पर नारा लगाने लगे. लोगों ने कहा कि कोलियरी की स्थापना के समय आश्वासन दिया गया था कि कोलियरी परिसर के पांच किलोमीटर इलाके में लोगों को मुफ्त में बिजली और पानी दिया जायेगा. लेकिन अब प्रबंधन वादे से मुकर रहा है.
बिजली परिसेवा बंद कर दी गयी है. जब तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया जायेगा आंदोलन जारी रहेगा. इधर, कोलियरी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोलियरी पिछले कई वर्षों से घाटे में चल रही है. ऐसे में मुफ्त बिजली देना संभव नहीं है. इसी कारण बिजली आपूर्ति बंद कर दी गयी है.
