रूपनारायणपुर : पानी ही अधिकांश बीमारियों का मुख्य कारण है. इसे ध्यान में रख पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से कोल इंडिया लिमिटेड ने लायंस क्लब इंटरनेशनल के साथ अनुबंध किया है. सीएसआर फंड से क्लब को 28 आरओ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट मुहैया कराया है. सालानपुर प्रखण्ड के मुक्ताईचण्डी, हरिसाडी लायंस हॉस्पिटल और प्रांतपल्ली में लगे प्लांटों का उद्घाटन सोमवार को क्लब के पूर्व जिलापाल व 100 कैम्पेन के मल्टीपल कोऑर्डिनेटर लायन रमेश पांडेय, क्लब के पूर्व काउंसिल चेयरपर्सन लायन शुभाशीष चक्रबर्ती और तृणमूल के प्रखण्ड अध्यक्ष मोहम्मद अरमान ने किया.
प्रांतपल्ली इलाके में आयोजित कार्यक्रम में लायन्स क्लब चित्तरंजन अमलादही की अध्यक्ष गीता नेगी, पूर्व कैबिनेट सचिव तेजेंदर सिंह, पूर्व पूर्व कैबिनेट कोषाध्यक्ष उत्तम मण्डल, तपन महता, राहुल पांडे, अमिताभ गिरि, रविशंकर कुंडू, जपा कुंडू, अनिमा चक्रबर्ती, वनश्री विश्वास आदि उपस्थित थी. पूर्व जिलापाल श्री पांडे ने कहा कि जिला 322 सी तीन को 20 प्लांट मिला है.
जिसमे से कुल चार प्लांट सालानपुर क्षेत्र में स्थापित किया गया है. इनमें से लायन्स क्लब चित्तरंजन अमलदाही द्वारा प्रांतपल्ली इलाके में, लायन्स क्लब रूपनारायणपुर द्वारा हरिसाडी में और लायन्स क्लब आसनसोल मेगासिटी द्वारा मुक्तताईचण्डी इलाके में स्थापित प्लांट का उद्धघाटन सोमवार को हुआ.
एक प्लांट की कीमत 3.98 लाख रुपये है. जिसे कोल इंडिया ने दिया है. इसे सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी लायन्स क्लब की है. जिन जिन क्लबों को यह प्लांट मिला है वे अपने स्तर से इसका संचालन करेंगे. मेंटेनेंस और चलाने के लिए एक आदमी के खर्च के लिए 20 लीटर पानी की न्यूनतम कीमत छह रुपया निर्धारित की गयी है. इन प्लांटों के लगने से इलाके के हजारों लोग लाभान्वित होंगे.
