रानीगंज : असम एयरपोर्ट पर तृणमूल सांसदों के शिष्टमंडल को रोके जाने तथा उनके साथ दुर्व्यवहार के विरोध में रविवार को रानीगंज टीएमसी ने माझी भवन से एक रैली निकाली. नेताजी स्टैच्यू के पास पहुंच यह सभा में तब्दील हो गई. टीएमसी नेता गोपाल आचार्य ने बताया कि असम में एनआरसी लागू कर चालीस लाख लोगों को घुसपैठिया करार दिया गया.
इसके विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर टीएमसी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल हालात का जायजा लेने असम पहुंचा लेकिन एयरपोर्ट पर महिला सांसदों के साथ दुर्व्यवहार किया गया. हिना खातून, युवा नेता अशरफ खान, बबलू मिर्जा, पार्षद मोइन खान ने कहा कि तृणमूल किसी भी सांप्रदायिक पार्टी को तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करने देगी.
पार्टी धार्मिक रूप से लोगों को बांटने के खिलाफ है. असम में तृणमूल नेताओं से दुर्व्यवहार की घटना की देशभर में निंदा होनी चाहिये. उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर इस घटना को अंजाम दिया गया है. इसके खिलाफ बंगाल की जनता सड़कों पर आंदोलन करेगी.
