रूपनारायणपुर : कोयला खदान और श्रमिक हित में 11 सूत्री मांगों को लेकर कोलियरी मजदूर सभा (एटक) द्वारा आरम्भ किये गये धारावाहिक आंदोलन के तहत लोगों को इन मुद्दों से जागरूक कर आंदोलन में सहयोग करने की अपील को लेकर पूर्व सांसद सह सीएमएस महासचिव आरसी सिंह ने गुरुवार को मोहनपुर कोलियरी के अपने यूनियन कार्यालय के समक्ष एरिया के सभी कोलियरी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. अध्यक्षता सौमेन चटर्जी ने की.
केंद्रीय सांगठनिक सचिव शैलेन्द्र सिंह, उत्पल दास, केशव यादव, रथलाल बढ़ॉइत, शहादत हुसैन, रामाशीष प्रसाद, गौरी देवी, विजय सिंह, सतेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे.पूर्व सांसद श्री सिंह ने बताया कि कमर्शियल माईनिंग के जरिये सरकार खदानों का निजीकरण कर रही है. कोल इंडिया के 59 प्रतिशत शेयर बेचने की योजना बनायी जा रही है. 22 फीसदी शेयर बिकने के कारण छह निजी कम्पनी के निदेशकों की तैनाती यहां हो गयी. दस प्रतिशत शेयर और बेचे जाने के बाद कोल इंडिया पूर्ण रूप से निजी हाथों में चले जायेगी. अनुकंपा के आधार पर नौकरी में विलंब हो रहा है. एक जनवरी 2016 से ग्रेचुईटी की राशि 20 लाख रुपया भुगतान नहीं हो रहा है.
सालानपुर एरिया में आगामी कुछ माह में तीन कोलियरियों से विभागीय कार्य बंद हो जायेगा. इन श्रमिकों और मशीनों को मोहनपुर फेस तीन के कार्य मे लगाने सहित श्रमिक और खदान विरोधी सरकार की विभिन्न नीतियों की चर्चा बैठक में हुयी. सभी से अपील की गई की इसके खिलाफ सीएमएस के धारावाहिक आंदोलन में शामिल हों. जिसके तहत बुधवार से यूनियन प्रतिनिधि श्यामसुन्दरपुर कोलियरी से पदयात्रा आरम्भ की है.
10 अगस्त को यह सालानपुर एरिया पहुंचेगी और 13 अगस्त को इसीएल मुख्यालय पर आयोजित महासभा में जाकर समाप्त होगी. बैठक में स्थानीय समस्यायों पर 14 अगस्त को मोहनपुर कोलियरी में सभी यूनियनों द्वारा संयुक्त रूप से सभा करने और 16 अगस्त को महाप्रबंधक कार्यालय पर प्रदर्शन करने के प्रस्ताव को यूनियन की मंजूरी दी गयी.
