आसनसोल: कुल्टी-सीतारामपुर स्टेशन के बीच धंसा गार्डवाल, ट्रेन सेवा प्रभावित

-सुरक्षा कारणों से अप लाइन में ट्रेनों का परिचालन बंद, कई रद्द -कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन डायवर्ट रूटों से किया गया -डीआरएम पीके मिश्रा ने किया दौरा, युद्धस्तर पर चल रही मरम्मत आसनसोल: शिल्पांचल में गुरुवार की रात को हुई मूसलधार बारिश के दौरान पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत कुल्टी- सीतारामपुर स्टेशनों के […]

-सुरक्षा कारणों से अप लाइन में ट्रेनों का परिचालन बंद, कई रद्द

-कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन डायवर्ट रूटों से किया गया
-डीआरएम पीके मिश्रा ने किया दौरा, युद्धस्तर पर चल रही मरम्मत
आसनसोल: शिल्पांचल में गुरुवार की रात को हुई मूसलधार बारिश के दौरान पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत कुल्टी- सीतारामपुर स्टेशनों के बीच रेल पटरियों के निकट ब्रिज के गार्ड वाल में धंसान हो गयी. पटरियों के नीचे के मिट्टी और कंक्रीट के कट कर गिरने से सुरक्षा के दृष्टिकोण से पटरियों पर 07:25 बजे से अप लाइन की ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया. सूचना पाते ही मंडल रेल प्रबंधक पीके मिश्रा धंसान स्थल पर पहुंचे और धंसान प्रभावित पटरियों व आसपास के क्षेत्र का दौरा किया और अधिकारियों से विचार-विमर्श कर जरूरी निर्देश दिये. रेल मंडल से इंजीनियरों की टीम धंसान स्थल पर पहुंचकर मरम्मत आरंभ की. इसके कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. विभिन्न रूटों को डायवर्ट कर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है.

धंसान को सबसे पहले सुबह वहां से गुजर रहे पेट्रोलमैन ललन कुमार महतो व शुभजीत मल्लिक ने देखा और इसकी सूचना मंडल कंट्रोल रूम को दी. उनकी सूचना पाकर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन तुरंत बंद कर दिया गया. धंसान स्थल और गार्ड वाल की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है. एडीआरएम आरके बर्णवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और कार्य में सहयोग दिया. मेंनटेनेंस क्रू ने फौरन मरम्मत कार्य आरंभ कर गार्ड वाल की मरम्मत की. घटनास्थल पर पांच वैगन स्लीपर, 10 वैगन बोल्डर, 22 वैगन स्टोन डस्ट पहुंचाया गया. ट्रेक के शीघ्र पुनर्बहाल के लिए डीआरएम श्री मिश्रा व वरिष्ठ अधिकारी निगरानी रखे हुए हैं.

पूर्व रेलवे के एक प्रवक्ता आरएन महापात्रा ने बताया कि पूर्व रेलवे के निरीक्षकों ने शुक्रवार की सुबह आसनसोल-धनबाद खंड में कुल्टी स्टेशन के निकट एक छोटे ओवरब्रिज के नीचे सड़क के किनारे जमीन धंसी हुई देखा. उन्होंने बताया कि हावड़ा और सियालदह से इस मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर जानेवालीं ट्रेनों को जमीन धंसने की घटना की वजह से एहतियातन निलंबित कर दिया गया. महापात्रा ने बताया उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर जानेवालीं ट्रेनों को चितरंजन की तरफ से ले जाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन से हो रही बारिश की वजह से जमीन धंसने की घटना हुई. आसनसोल-धनबाद सेक्शन में सामान्य ट्रेन सेवा दोपहर 3.55 बजे शुरू हो गयी. सीतारामपुर व कुल्टी स्टेशनों के बीच रेले ट्रैक की मरम्मत के बाद यह संभव हो सका.
कुछ ट्रेनें रहीं रद्द तो कुछ का मार्ग बदला
धंसान के कारण आसनसोल से अप लाईन से गुजरनेवाली ट्रेन -आसनसोल धनबाद पैसेंजर ट्रेन, आसनसोल गया पैसेंजर ट्रेन, आसनसोल बरकाखाना पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गयीं. मरम्मत कार्य किये जाने के कारण 12019 अप हावड़ा-रांची शताब्दी एक्सप्रेस, 53061 अप बर्दवान-हटिया पैसेंजर ट्रेन को आसनसोल से साउथ इस्टर्न रेलवे के रूट पर वाया बर्नपुर के रूट पर चलाया गया. 22387 अप हावड़ा-धनबाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस ट्रेन, 12353 अप हावडा-लालकुंआ एक्सप्रेस ट्रेन, 13151 अप जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन, 11448 अप हावड़ा-शक्तिपुंज एक्सप्रेस, 12379 अप सियालदह-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन को सीतारामपुर स्टेशन के बीच से जंगल लाइन होते हुए कुल्टी स्टेशन ले जाया गया. फिर वहां से उन्हें रवाना किया गया.
सूचना देनेवाले दोनों पेट्रोलमैन हुए पुरस्कृत
ललन महतो व शुभजीत मल्लिक ट्रेक अनुरक्षकों को उनकी सूझ-बूझ व तुरंत निर्णय लेने की क्षमता और मंडल में किसी बड़े हादसा को रोकने को लेकर मंडल रेल प्रबंधक श्री मिश्रा ने दोनों रेलकर्मियों की प्रशंसा की कि और दोनों को सामूहिक 10 हजार रुपये से पुरस्कृत किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >