आद्रा : ग्राम पंचायत इलाके में विकास का कोई कार्य नहीं हो रहा है. पंचायत प्रधान एवं सदस्य विकास के लिये आयी धनराशि से अपनी जेबें भर रहे हैं. इस तरह का आरोप लगाते हुये स्थानीय लोगों ने बोड़ोबाजार प्रखंड अंतर्गत सिंदरी ग्राम पंचायत कार्यालय में ताला जड़ने के बाद विरोध प्रदर्शन किया. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को करीब तीन घंटे तक समझाया लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. बाद में बीडीओ कार्यालय से वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और विकास कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया.
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने ताला खोल दिया. ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत इलाके में सऊदी में रोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन योजना, निर्मल बांग्ला परियोजना सहित सड़क निर्माण जैसी परियोजनाओं की सुविधा उन्हें नहीं मिल रही है. कई बार पंचायत प्रधान को जानकारी दी गई लेकिन पंचायत पूरी तरह से उदासीन बनी रही. बाध्य होकर पंचायत कार्यालय में ताला जड़ दिया गया. मंगलवार को तृणमूल परिचालित पंचायत में न ग्राम पंचायत प्रधान और ना ही अन्य सदस्य कार्यालय पहुंचे. गोलाबाजार प्रखंड के अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर पंचायत की बही-खाता की जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद ही ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया.
