बांकुड़ा : रथयात्रा के मद्देनजर बर्दवान के कंचननगर स्थित दो रथमंदिरों को प्राचीन टेराकोटा शिल्प से सुसज्जित किया गया है. इससे पांचमुड़ा के कलाकारों में प्रसन्नता है. बांकुड़ा के तालडांगरा थाना इलाके के पांचमुड़ा के प्राचीन टेराकोटा शिल्प को बचाये रखने के लिए सरकारी एवं ग़ैरसरकारी प्रयास लगातार किया जा रहा है.
प्राचीन शिल्प को महत्व देने का पूरा श्रेय बर्दवान नगरपालिका के पार्षद खोखन दास को जाता है. उनके प्रयास से बर्दवान के मंदिरों को टेराकोटा शिल्प से सजाया गया है. पांचमुड़ा के शिल्पकार धीरेन्द्रनाथ कुम्भकार, भूतनाथ कुम्भकार, बुद्धदेब कुम्भकार एवं बैद्यनाथ कर्मकार ने सात महीने अथक प्रयास कर मंदिर को नया रूप दिया.
मंदिर की दीवारों पर कृष्णार्जुन रथ को उकेरा गया है. पार्षद खोखन दास ने बताया कि प्राचीन शिल्प टेराकोटा से शहर के बाकी मंदिरों को भी सजाने की योजना है. शिल्पकार भूतनाथ कुम्भकार ने कहा कि टेराकोटा शिल्प को बढ़ावा देने के लिये सरकार प्रयासरत है. आशा है आने वाले दिनों में इसकी रक्षा के लिये ग़ैरसरकारी संगठन भी आगे आयंगे. पांचमुड़ा के शिल्पियों को पूरा विश्वास है कि शनिवार को रथयात्रा के शुभ अवसर पर मंदिर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा.
