आधे घंटे तक की पूजा-अर्चना, बंगाल में पैर जमाने के लिए मांगी मन्नत

पानागढ़ : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुरूवार को 11 बजे कोलकाता से वीरभूम हेलीकाप्टर से पहुंचे. उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष भी मौजूद थे. हेलीपैड पर उतरने के बाद जिला के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजू बनर्जी, जिला भाजपा पार्टी अध्यक्ष रामकृष्ण राय, जिला भाजपा पर्यवेक्षक समीरन साहा ,काला सोना मंडल समेत अन्य नेताओं […]

पानागढ़ : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुरूवार को 11 बजे कोलकाता से वीरभूम हेलीकाप्टर से पहुंचे. उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष भी मौजूद थे. हेलीपैड पर उतरने के बाद जिला के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजू बनर्जी, जिला भाजपा पार्टी अध्यक्ष रामकृष्ण राय, जिला भाजपा पर्यवेक्षक समीरन साहा ,काला सोना मंडल समेत अन्य नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया. इस दौरान हेलीपैड के चारों तरफ हजारों की संख्या में भाजपा समर्थक, कार्यकर्ता श्री शाह को देखने के लिए उपस्थित थे. हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद उन्होंने समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया. उपस्थित लोगों ने उनके जयकारे लगाये. श्री शाह के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुबह से ही चाक-चौबंद थी.
श्री शाह यहां से कार से तारापीठ मंदिर पहुंचे. वहां पहुंचने पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष तारामय मुखोपाध्याय ने पुष्पगुच्छ देकर उनका जोरदार स्वागत किया. तत्पश्चात करीब आधे घंटे तक मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना की. इस दौरान मंदिर में सेवारत पुरोहित उपस्थित थे. विधिवत रूप से विशेष पूजा की गई. पूजा की सामग्री तथा श्रृंगार मंदिर कमेटी की ओर से उपलब्ध कराया गया. मंदिर के प्रवेश द्वार के पूर्व भाग में ढाकियों ने ढाक बजाकर श्री शाह का स्वागत किया. पुलिस तथा केंद्रीय बल ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये थे.
बूथ कमेटी बनाने पर बल
पूजा-अर्चना के बाद अमित शाह ने तारापीठ के पास ही तारापुर गांव स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर विद्यालय में पार्टी के जिला नेताओं को लेकर संगठनिक बैठक की. बैठक में मुख्य रूप से उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए बूथ कमेटी बनाने पर विशेष बल दिया. जनसंपर्क बढ़ाने की नसीहत दी. इस दौरान अमित शाह ने उपस्थित जिला नेताओं को सांगठनिक गतिविधि को लेकर कई निर्देश दिये. इसके बाद वे यहां से पुनः हेलीकॉप्टर से पुरूलिया के लिये रवाना हो गये.
हाथ हिलाकर समर्थकों का किया अभिवादन
पूजा अर्चना के बाद मंदिर से बाहर आए अमित शाह ने मंदिर परिसर के बाहर मौजूद समर्थकों का अभिवादन किया. मंदिर के पुरोहित रवि मुखर्जी, पुलक चट्टोपाध्याय ने बताया कि श्री अमित शाह जी ने मंदिर के भीतर मां-तारा के चरणों में बनारसी साड़ी भेंट की. पांच फल, गमछा तथा शृंगार के सामान मां को भेंट किये. पूर्णिमा तिथि पर उनके आगमन से उन्हें काफी लाभ मिलेगा. मंत्रोच्चारण तथा संकल्प कराया गया. उन्होंने मां तारा की प्रतिमा को कमल का हार पहनाया. इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष भी मंदिर के भीतर थे.
मंदिर कमेटी ने दिया भेंट
पूजा अर्चना करने के बाद बाहर निकलने पर तारापीठ मंदिर कमेटी ने अमित शाह को मां तारा की तस्वीर भेंट स्वरूप दी. इस दौरान मां तारा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष तारामय मुखोपाध्याय, रवि मुखर्जी, पुलक चटोपाध्याय आदि उपस्थित थे. कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अमित शाह ने माता के दरबार में माथा टेककर बंगाल में भाजपा का परचम लहराने की मन्नत मांगी.
कांग्रेस कर्मी के घर पहुंचे जतायी नाराजगी
आद्रा / नितुरिया : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दोपहर 1:20 बजे हेलीकॉप्टर से पुरुलिया पहुंचे. सड़क मार्ग से जनसंपर्क योजना के तहत लागदा गांव पहुंचे. वे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता रंजीत राजभर के घर में पहुंच गये. वहां कांग्रेस का झंडा देखकर वह परेशान हो गये. उन्होंने साथ रहे दिलीप घोष, विद्यासागर चक्रवर्ती, राहुल सिन्हा पर गलत व्यक्ति के घर ले जाने के कारण नाराजगी जतायी. भाजपा नेता उन्हें पास के भाजपा कार्यकर्ता भिखारी रजवार के घर ले गये. वहां भी जनसंपर्क के लिए बांटे जा रही पुस्तिका नहीं रहने के कारण उन्होंने फिर नाराजगी जतायी. उन्होंने ग्रामीण आदिवासियों से आधे घंटे तक बात की. उनकी समस्याओं को सुना तथा समाधान का आश्वासन दिया.
तृणमूल कर्मियों ने दिखाये काले झंडे, लगाये नारे
आद्रा / नितुरिया. पुरुलिया के सर्किट हाउस में कुछ समय विश्राम करने के बाद वह सभास्थल के लिए निकले. तृणमूल कर्मियों ने उनके काफिले के सामने आकर काला झंडा दिखाना और अमित शाह गो बैक, टू बैक का नारा लगाना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में केंद्रीय उद्योग व सरकारी उपक्रम राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो पहुंचे. उस समय सड़क जाम हो चुकी थी. काफी प्रयास के बाद श्री सुप्रिय ने श्री शाह सहित पार्टी नेताओं को जाम से निकाला तथा सभा स्थल के लिए भेजा.
मंच तक नहीं पहुंच सके मंत्री बाबुल सुप्रियो
आद्रा / नितुरिया. सड़क जाम में फंसे वाहनों को निकालने के क्रम में व्यस्त रहे केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो सभा मंच पर नहीं पहुंच सके. करीब 25 मिनटों तक उन्होंने यातायात नियंत्रित किया. जाम में फंसने के कारण पार्टी कर्मियों व समर्थकों को काफी परेशानी हुई. नाराज होकर श्री सुप्रियो ने पुरूलिया के जिला शासक लोकेश प्रसाद राय को इस अराजकता के लिए भली बुरी बातें भी कही. उन्होंने कहा कि साजिश के तहत उन्हें सभा मंच तक नहीं पहुंचने दिया गया. हालांकि जिला प्रशासन ने कहा कि ट्रैफिक नियंत्रण में पुलिसकर्मी तैनात थे. सही तरह से ट्रैफिक के कार्य निभा रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >