भाभी-भतीजे की मौत, दूल्हा व भांजा घायल

आसनसोल : आसनसोल साउथ थाना अंतर्गत दिलदारनगर से झरिया जा रही बारात में शामिल दूल्हे की इंडिका कार (नंबर जेएच 05 एम 9664) के गोविंदपुर (धनबाद) थाना अंतर्गत देवली के पास शनिवार की रात दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कार में सवार दूल्हे अमर बनर्जी की भाभी डोली बनर्जी (30) तथा भतीजे गौरव बनर्जी (10) की […]

आसनसोल : आसनसोल साउथ थाना अंतर्गत दिलदारनगर से झरिया जा रही बारात में शामिल दूल्हे की इंडिका कार (नंबर जेएच 05 एम 9664) के गोविंदपुर (धनबाद) थाना अंतर्गत देवली के पास शनिवार की रात दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कार में सवार दूल्हे अमर बनर्जी की भाभी डोली बनर्जी (30) तथा भतीजे गौरव बनर्जी (10) की मौत हो गयी.
कार में सवार दूल्हा अमर और चालक सर्वेश बनर्जी, उसके सहयोगी रंजीत साव को भी चोटें लगीं हैं. झरिया दुखहरनी मंदिर में अमर की शादी करायी गयी. जहां शहनाई की गूंज होनी चाहिए थी, वहां मातम फैला रहा. रविवार की देर शाम तक दोनों शव तथा दुल्हा-दुल्हन धनबाद में ही थे. घटना के बाद चालक सर्वेश भाग निकला. उसके अत्यधिक शराब सेवन के कारण ही यह दुर्घटना घटी.
पड़ोसियों को सांत्वना देना भी था मुश्किल
दूल्हे के पिता जबा बनर्जी, मृतका डोली बनर्जी की पुत्नी नेहा बनर्जी के आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे थे. मृतका डोली के पिता विश्वनाथ प्रसाद रविवार की सुबह सूचना पाकर रूकूबांध स्थित उसके ससुराल पहुंचे. घटना के बाद से वे कई बार अचेत हो गये थे. पड़ोसी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे थे.
पार्षद भृग ठाकुर ने रविवार की सुबह पीड़ित परिवार के घर जाकर उन्हें सांत्वना दी और अपने स्तर से हर सहयोग का आश्वासन दिया. रूकूबांध निवासी चालक सर्वेश के घर पर रविवार की सुबह से ही ताला लगा पाया गया. पड़ोसियों ने बताया कि घटना के बाद से ही सर्वेश का परिवार घर पर ताला लगाकर कहीं चला गया है.
इंतजाररत सरातियों को मिली दुर्घटना की खबर
भाई युधिष्ठिर ने बताया कि शादी के लिए तैयार वधू पक्ष के लोग अपने परिजनों और परिचितों के साथ झरिया के दुखहरनी मंदिर में इंतजार कर रहे थे कि घटना के बाद दूल्हा पक्ष के लोगों ने उन्हें फोन कर यह दुखद सूचना दी. घटना के बाद दुखी मन से अमर और चांदनी की शादी दुखहरनी मंदिर में हुई. घटना से एक और जहां पूरे परिवार के लोगों में दुख का माहौल है वहीं दूसरी ओर आक्रोशित परिजन इसके लिए चालक सर्वेश को कोस रहे हैं.
उन्होंने कहा कि बारात जाने के लिए अमर ने ही सर्वेश से बात तय की थी. वे सर्वेश और उसके नशेडी स्वभाव से भलीभांति परिचित थे. अगर उन्हें पता होता तो वे किसी कीमत पर सर्वेश की गाडी को बारात के लिए जाने नहीं देते. उन्होंने कहा कि सर्वेश इससे पहले भी कई बार वाहन दुर्घटना कर चुका है. उसके व उसके साथी रंजीत के खिलाफ आसनसोल साउथ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.
दुल्हन चांदनी कुमारी के पिता उपेंद्र पांडेय ने बताया कि वह झरिया में रहते हैं. दुखहरणी मंदिर में उनकी बेटी की शादी होने वाली थी. रात को साढ़े नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि दूल्हे की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है. सभी को इलाज के लिए पीएमसीएच लाया गया है. इसलिए वह मौके पर पहुंचे हैं. देर रात दोनों की शादी करायी गयी.
अमर के पिता जवा बनर्जी ने कहा कि दूल्हा गाड़ी से पहले बरातियों को लेकर खालसा होटल पहुंच गया था. वह बार-बार दूल्हे को फोन लगा रहा था, मगर वह फोन नहीं उठा रहा था. थोड़ी देर के बाद दूल्हे ने फोन किया कि गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है. सभी लोग इलाज के लिए पीएमसीएच अस्पताल जा रहे हैं. उसके बाद पीछे से बराती गाड़ी भी पीएमसीएच पहुंची.
शराब सेवन के लिए इलाके में था बदनाम
पडोसियों ने बताया कि सर्वेश ने रवि के पूरे परिवार को तबाह कर दिया. अगर मृतक के परिजनों ने उनसे सर्वेश के बारे में पूछा होता तो वे कभी भी उसे बारात में ले जाने की सलाह नहीं देते. अमर के मंझले भाई युधिष्ठिर बनर्जी ने कहा कि चार भाइयों में उनके बड़े भाई रवि बनर्जी, भाई की पत्नी डोली बनर्जी, भतीजा गौरव बनर्जी, दूल्हा अमर बनर्जी, छोटा भाई कात्तिर्क बनर्जी अपने परिजनों और बारात्ीियों के साथ शनिवार की संध्या एक इंडिका कार और छोटी बस पर सवार होकर अमर की शादी के लिए झरिया के दुखहरनी मंदिर के लिए निकले थे.
दूल्हा अमर बनर्जी, भाभी डोली बनर्जी, भतीजा गौरव इंडिका कार पर सवार थे. भाई रवि बनर्जी व अन्य परिजन बारातियों सहित छोटी बस पर सवार थे. अमर की शादी झरिया निवासी उपेंद्र पांडेय की पुत्नी चांदनी कुमारी से शनिवार की रात झरिया के दुखहरनी मंदिर में होने वाली थी. युधिष्ठिर को उनके भाई अमर ने फोन पर बताया कि दुघर्टना के लिए चालक सर्वेश और उसका सहयोगी रंजीत पूरी तरह से जिम्मेवार हैं.
चालक सर्वेश शनिवार की संध्या बारात निकलने से पहले ही लगातार शराब पी रहा था. रास्ते में भी वह नियमित अंतराल पर शराब की मांग करता रहा. रास्ते में मना किये जाने के बावजूद जबरन शराब पीता रहा. उसे शराब पिलाने में उसका सहयोगी रंजीत सहयोग करता रहा.
आसनसोल से निकलने से पहले पी रखी थी शराब
परिजनों ने बताया कि कार को चालक सर्वेश शराब के नशे में तेज गति से चला रहा था. गोविंदपुर थाना अंतर्गत देवली के पास कार अनियंत्रित हो गयी तथा सड़क किनारे स्थित दुकान से टकरा गयी. दुकान में बैठे लोगों में भगदड़ मच गयी. कार के पलटने से कार में सवार दूल्हे के भाभी डोली बनर्जी तथा भतीजा गौरव बुरी तरह घायल हो गये. आनन फानन में उन्हें निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सा के दौरान उनकी मौत हो गयी.
सभी भाई रहते हैं अलग-अलग
मृतका डोली बनर्जी गृहिणी थीं. मृतक बेटा गौरव बनर्जी उषाग्राम ब्वायज स्कूल में पांचवीं कक्षा का स्टूडेंट्स था. परिजनों ने कुछ दिनों पहले ही उसकी जिद पर उसके स्कूल जाने के लिए साइकिल खरीदा थी. मृतक परिवार के चारों भाई रवि बनर्जी, युधिष्ठिर बनर्जी, अमर बनर्जी, कात्तिर्क बनर्जी दिलदारनगर के रूकूबांध उपर पाडा में अलग अलग किराये के मकान में रहते थे.
मृतक डोली बनर्जी अपने पति रवि बनर्जी, बेटे गौरव और बेटी नेहा के साथ अलग रहती थी. घटना की सूचना मिलते ही रविवार की सुबह दिलदारनगर रूकूबांध उपरपाडा स्थित दूल्हे के बड़े भाई रवि बनर्जी के घर पर परिजनों एवं पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गयी. घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
चालक को दोषी ठहराया दूल्हे ने
दूल्हा अमर बनर्जी ने बताया कि चालक शराब के नशे में था. गाड़ी में भी बार-बार वह शराब पी रहा था. मना करने पर उसने बकझक भी की. शाम को घर के पास भी बारात निकलने के पहले उसने वहां शराब पी थी. वह गाड़ी काफी तेजी से चला रहा था. गोविंदपुर के पास उसने अपना संतुलन खो दिया और गाड़ी पलटी मार दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >