आसनसोल : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शनिवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन के बाद जिला प्रशासन द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची के आधार पर पश्चिम बर्दवान जिला में आठ पंचायत समितियों में से छह पर तृणमूल को जीत मिल चुकी है. पांडेश्वर विधानसभा इलाके की दोनों समितियों में तृणमूल का प्रदर्शन सबसे बेहतर है.
पंचायत समिति की कुल 161 सीटों में से 95 सीट पर तृणमूल के उम्मीदवार निर्विरोध है. जिला परिषद की 17 सीटों में से एक सीट पर तृणमूल उम्मीदवार निर्विरोध है और ग्राम पंचायत की 833 सीटों में से 532 सीटों पर तृणमूल उम्मीदवार निर्विरोध है. जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर विधायक जितेन्द्र तिवारी ने अपनी चुनावी दक्षता का परिचय दिया है. इसके पहले उन्होंने विधानसभा चुनाव में वामपंथ के इस गढ़ को ध्वस्त करने में सफलता पायी थी.
छह पंचायत समिति पर तृणमूल का कब्जा
जिला के आठ पंचायत समिति में से 17 सदस्यों वाली दुर्गापुर फरीदपुर प्रखंड में 12 सीट, 22 सदस्यों वाली अंडाल प्रखंड में 12 सीट, 18 सदस्यों वाली पाण्डवेश्वर प्रखंड में 14 सीट, 21 सदस्यों वाली बाराबनी प्रखंड में 17 सीट, 23 सदस्यों वाली जामुडिया प्रखण्ड में 14 सीट और 23 सदस्यों वाली सालानपुर प्रखण्ड में 12 सीटों पर तृणमूल के उम्मीदवार निर्विरोध होने के कारण यह छह पंचायत समिति में चुनाव के पहले ही तृणमूल के जीत का परचम लहरा गया है.
औपचारिक घोषणा शेष है. शेष बची सीटों पर चुनाव में होने वाली मुकाबला में जीत हार से तृणमूल को उक्त छह पंचायतों में बोर्ड गठन को लेकर कोई फर्क नहीं पड़ेगा. हालांकि तृणमूल विरोधी शून्य की नीति पर चल रही है. जिसके कारण बची सीटों पर चुनाव को लेकर तनाव बना रहेगा. जिला परिषद की 17 सीटों में से पाण्डवेश्वर की चार नंबर जिला परिषद सीट पर तृणमूल उम्मीदवार को निर्विरोध जीत मिली है. जिला परिषद में बोर्ड गठन को लेकर तृणमूल यहां भी विरोधी शून्य की नीति पर ही कार्य कर रहा है.
सबसे अधिक पाण्डवेश्वर में ग्राम पंचायत की सीट निर्विरोध
जिला के आठ प्रखंडों में ग्राम पंचायत की कुल 833 सीटों में से 532 सीटों पर तृणमूल उम्मीदवारों को निर्विरोध जीत मिल गयी है । सबसे अधिक निर्विरोध जीत पाण्डवेश्वर प्रखंड में मिली है. यहां कुल 112 सीटों में से 106 सीटों पर तृणमूल उम्मीदवार निर्विरोध है. सिर्फ छह ग्राम पंचायत सीट के लिए यहां चुनाव होगा. दूसरे स्थान पर बाराबनी प्रखंड है.
यहां कुल 92 में से 75 सीटों पर तृणमूल उम्मीदवार निर्विरोध है. तीसरे स्थान पर जामुडिया प्रखंड है. यहां कुल 93 सीटों में से 75 सीट पर तृणमूल निर्विरोध है. दुर्गापुर फरीदपुर में कुल 88 सीटों में से 70 सीट, सालानपुर में 96 में से 53 सीट, अंडाल में 146 में से 74 सीट, रानीगंज में 96 में से 53 सीट और कांकसा में ग्राम पंचायत की कुल 132 सीटों में से 50 सीटों पर तृणमूल उम्मीदवार निर्विरोध होने के कारण उन्हें जीत मिल चुकी है.
