करंट लगने से रेलकर्मी की मौत

सुरक्षा इंतजाम पर उठे सवाल सहकर्मी रेलकर्मियों में आक्रोश कोलकाता. एक बार फिर लिलुआ वर्कशॉप में शनिवार को एक रेलकर्मी की मौत करंट लगने से हो गयी. मृतक का नाम संजय दे (45) है. संजय दे लिलुआ वर्कशॉप में वेल्डर के पद पर कार्यरत थे. घटना के बाद कारखाना कर्माचारियों में रोष है, वहीं संजय […]

सुरक्षा इंतजाम पर उठे सवाल
सहकर्मी रेलकर्मियों में आक्रोश
कोलकाता. एक बार फिर लिलुआ वर्कशॉप में शनिवार को एक रेलकर्मी की मौत करंट लगने से हो गयी. मृतक का नाम संजय दे (45) है. संजय दे लिलुआ वर्कशॉप में वेल्डर के पद पर कार्यरत थे. घटना के बाद कारखाना कर्माचारियों में रोष है, वहीं संजय के परिवार में मातम पसरा हुआ है.
कोलकता के दक्षिणेश्वर इलाके में रहनेवाले संजय के दो लड़के हैं, जिनमें से एक नौ वर्ष का, जबकि दूसरा 24 वर्ष का है. मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह 11.45 बजे उस वक्त घटी, जब कारखाने के एलएचबी रिपेयरिंग सेक्शन में वेल्डिंग का काम चल रहा था. संजय वेल्डिंग कर रहे थे, तभी उन्हें जोरदार करंट लगा और वह वहीं ढेर हो गये. वर्कशाप के कर्मचारियों का कहना है कि एलएचबी सेक्शन में पहुंचने के बाद उन्होंने अपना काम शुरू ही किया था कि जोरदार करंट का झटका लगा. वह काफी दूर जा गिरे और उनका शरीर काला पड़ गया.
घटना के बाद पूरे एलएचबी सेक्शन को सील कर दिया गया. कारखाने के कर्मचारियों का कहा है कि सेक्शन में सुरक्षा का इंतजाम नहीं था. घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ व कारखाना के अन्य अधिकारी वहां पहुंचे. आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना को लेकर कारखानाकर्मियों में रोष है.
आपात स्थिति के लिए नहीं है इंतजाम
आरोप है कि कभी भी कारखाना प्रशासन ने ऐसी घटनाओं से सबक लेकर सुधार लाने का प्रयास नहीं किया. जानकारों की मानें, तो जहां दुर्घटना हुई, वहां वेल्डिंग के लिए कोई प्लग नहीं था, जिससे वेल्डिंग के लिए बिजली ली जा सके. कारखाने में जहां-तहां झूल रहे बिजली के तारों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. तृणमूल समर्थित ईस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज वर्कर्स कांग्रेस के अपर महामंत्री अजय यादव ने बताया कि कारखाने में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं है. इसके साथ ही ठेका श्रमिकों की लापरावाही भी इसके लिए जिम्मेदार है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >