तीन पुलिसवाले जख्मी, इलाके के लोग भी हुए चोटिल
शोभाबाजार इलाके के हाटखोला पोस्टऑफिस के पास घटी घटना
कोलकाता : इलाके की कुछ महिलाओं के साथ हुई कहासुनी में दो इलाकों के लोग आपस में उलझ पड़े. यह घटना उत्तर कोलकाता के जोड़ाबागान थाना अंतर्गत हाटखोला पोस्टऑफिस के पास सोमवार देर रात घटी. इसी घटना को लेकर मंगलवार सुबह फिर से दोनों इलाके के लोग आपस में उलझ पड़े. काफी देर तक दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर बोतल व पत्थर फेंका. इससे तीन पुलिसकर्मी व इलाके के एक कुछ लोगों को चोट लगी.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके के सात हमलावरों को अशांति फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. सभी को बुधवार को अदालत में पेश किया जायेगा.
क्या था मामला : कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (3) सह संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) सुप्रतीम सरकार ने बताया कि सोमवार रात शोभाबाजार स्ट्रीट स्थित अहिरीटोला घाट के पास गंगेश्वर मंदिर के निकट कुछ महिलाएं पूजा समाप्त कर घर लौट रही थीं. उसी समय भंग बस्ती के पास कुछ लोगों का उन महिलाओं के साथ विवाद हो गया. इसे लेकर सोमवार रात को ही दो इलाके के लोग हाथकोला पोस्टऑफिस के पास आपस में उलझ पड़े. काफी देर बाद स्थिति सामान्य की गयी.
मंगलवार को फिर आपस में उलझे
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात के बाद मंगलवार सुबह फिर से दोनों इलाके के समर्थक उलझ पड़े. एक-दूसरे को लक्ष्य कर बोतल व पत्थर फेंके गये. घटना की खबर पाकर जोड़ाबागान थाने की पुलिस वहां पहुंची, तो पथराव में तीन पुलिसवाले भी जख्मी हो गये. इसके अलावा इलाके में दोनों पक्ष के पांच से ज्यादा समर्थक भी जख्मी हुए हैं. अतिरिक्त फोर्स भेज कर स्थिति को सामान्य किया गया.
सात बदमाश गिरफ्तार
श्री सरकार ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके के सात लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा अन्य समर्थकों को गिरफ्तार करने के लिए इलाके में छापेमारी हो रही है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को सियालदह कोर्ट में पेश किया जायेगा. इस घटना के बाद से इलाके में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी गयी है.
