कोलकाता : सड़क पर शराब पीने का विरोध करने पर एक युवक को बदमाशों ने घेरकर उसकी पिटाई की, फिर रिवॉल्वर के बट से उसका सिर फोड़ दिया. घटना करया इलाके के लोहापुल बाजार के पास रविवार रात की है. पीड़ित युवक मोहम्मद सद्दाम (22) ने अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद करया थाने में शिकायत दर्ज करायी. उसने पुलिस को बताया कि वह इएम बाइपास के पंचानन ग्राम में एक वैवाहिक कार्यक्रम से घर लौट रहा था.
पार्क सर्कस के पास लोहापुल पार कर वह लोहापुल बाजार से पास से गुजर रहा था. उसी समय उसकी नजर कुछ युवकों पर पड़ी, जो खुलेआम सड़क किनारे शराब पीकर बोतल सड़क पर फोड़ रहे थे. उसने युवकों को कहीं दूसरी जगह जाकर बोतल फेंकने को कहा. उसी समय चार से पांच की संख्या में बदमाश युवकों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज कर उसे पीटने लगे.
इतने में एक युवक ने जेब से रिवॉल्वर निकाल कर उसके बट से उसके सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उसका सिर फट गया. इसके बाद जख्मी हालत में वह जमीन पर गिर पड़ा. तभी बदमाश युवकों ने उसके सिर पर रिवॉल्वर तान कर उसे गोली मार देने की धमकी देकर वहां से फरार हो गये. पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. हालांकि इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.
