इंटाली के काॅन्वेंट लेन की घटना. इंटाली थाने के तीन कांस्टेबल हुए जख्मी
तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने गयी थी पुलिस
पहले पुरुष ने की हाथापाई, फिर कल्छा, हथौड़ी, बाल्टी से महिलाओं ने किया हमला
कोलकाता : पुलिस की वांटेड सूची में शामिल तीन फरार बदमाशों को पकड़ने गये इंटाली थाने के तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गये. पहले इलाके के लोगों ने उनके साथ मारपीट की, फिर वहां की कुछ महिलाओं ने उन्हें घेर कर कौचा, हथौड़ी व लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया. इसमें पुलिसवालों बुरी तरह घायल हो गये.
सूचना पाकर भारी संख्या में पुलिस पहुंची और घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल भेजा. घटना इंटाली इलाके के कांवेंट लेन में रविवार रात घटी. जख्मी कांस्टेबलों के नाम शाहजहान कबीर, निसार अहमद और सुकुमार मांडी बताये गये हैं. सभी इंटाली थाने में पोस्टेड हैं. पुलिस के मुताबिक, सियालदह जीआरपी के खाते में मोहम्मद बापी, मोहम्मद कालो और मोहम्मद शाकी उर्फ सनी वांटेड की सूची में शामिल हैं.
सियालदह जीआरपी की तरफ से इंटाली थाने में तीनों को गिरफ्तार कर उनके हवाले करने का आवेदन पत्र काफी पहले जमा किया गया था. रविवार शाम को थाने के तीनों कांस्टेबलों ने इलाके में ड्यूटी के दौरान मोहम्मद बापी, मोहम्मद कालो और मोहम्मद शाकी को एक साथ बातचीत करते हुए कांवेंट रोड इलाके में देखा. तुरंत थाने के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गयी. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीनों कांस्टेबल बदमाशों को गिरफ्तार करने पहुंचे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी समय इलाके के लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और मारपीट करने लगे.
इसके कुछ देर बाद वहां कुछ महिलाएं बर्तनों के साथ वहां आ पहुंची. पुरुष के बाद महिलाओं ने कौचा, हथौड़ी और लोहे की बाल्टी लेकर पुलिस कर्मियों को सड़क पर गिरा कर पीटने लगीं. इसमें पुलिसवाले बुरी तरह घायल हो गये. सूचना पाकर इंटाली थाने से पहुंची अतिरिक्त पुलिस ने तीनों कांस्टेबल को वहां से रिहा कराया. हमलावरों के खिलाफ इंटाली थाने में पुलिस के साथ मारपीट की शिकायत दर्ज हुई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी गयी है.
