कोलकाता. पेट्रोल पंप से ईंधन लेने के नाम पर कैस बॉक्स से करीब 1.36 लाख रुपये गायब करने का मामला प्रकाश में आया है. यह घटना काशीपुर इलाका स्थित पुगलिया पेट्रोल पंप में बुधवार की देर रात हुई. आरोप है कि टाटा-407 का चालक और उसके सहायक ने घटना को अंजाम दिया है. पेट्रोल पंप के मनीष पुगलिया को सबसे पहले चोरी की बात पता चला. अंदेशा जताया गया है कि कैस चेंबर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया.
पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये आरोपियों का पता चला. पुलिस ने निकटवर्ती पुलिस थानों में घटना की जानकारी दी. टाटा-407 का नंबर जारी किया. टीटागढ़ इलाके से मेटाडोर चालक और उसके सहायक को पुलिस पकड़ने में कामयाब रही, लेकिन उनके पास से रुपये नहीं मिले. पूछताछ के बाद चितपुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी कर पुलिस ने 1.32 लाख रुपये बरामद कर लिये. पुलिस ने आरोपियों के नाम संजय जायसवाल (37) व राहुल घोष (26) बताये हैं. दोनों चितपुर थाना अंतर्गत कृपानाथ दत्ता रोड निवासी हैं. अदालत ने आरोपियों को 14 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया.
