कुछ माह पहले दमदम में खरीदा था नया मकान
घर में बाहर से ताला लगा हुआ था
कोलकाता : दमदम के दो नंबर खलिस कोटा स्थित एक मकान में मकान मालिक की रहस्यमय मौत को लेकर तनाव फैल गया. मृतक का नाम भवरंजन भवाल (55) बताया गया है. वह मूल रूप से भवानीपुर का रहनेवाला था. कुछ दिन पहले उसने दमदम में अपना नया मकान खरीदा था. वह रविवार को मकान का रंग कराने के लिए वहां गया था.
रात को वह वापस घर नहीं गया. घर के लोगों ने उसे फोन किया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला.घरवालों ने घटना की सूचना दमदम थाना की पुलिस को दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर पर लगा ताला तोड़ा और अदंर घुसी तो वहां उनका शव पड़ा हुआ था. शव पर कई जख्म के निशान मौजूद थे. मौके से शराब की बोतल और दो ग्लास बरामद की गयी है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए आरजीकर अस्पताल में भेजा गया है. दूसरी ओर बरामदे के शौचालय की खिड़की भी टूटी हुई पायी गयी. घर में जो ताला मौजूद था, उसे न लगाकर अन्य ताला बाहर से लगाया गया था. मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. जांच के लिए फारेंसिक टीम ने मकान से कुछ नमूना इकट्ठा किया है. पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल की लिस्ट की भी जांच कर रही है.
