जलपाइगुड़ी में एक किराये के घर में बना रहे थे नकली सर्टिफिकेट
रवींद्र भारती, अन्नामलाई व कर्नाटक मुक्त विश्वविद्यालय के काफी सर्टिफिकेट जब्त
कोलकाता. गुप्त जानकारी के आधार पर राज्य पुलिस के सीआइडी की टीम ने जलपाइगुड़ी जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत दो जगहों पर छापामारी कर काफी संख्या में फरजी मार्कशीट व एडमिट कार्ड जब्त किये हैं. सीआइडी सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में वरुण कांति राय उर्फ मानिक (40) नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ हो रही है. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वरुण, बंगाली विषय का शिक्षक है और पढ़ाने के साथ-साथ इस धंधे में भी जुड़ा हुआ था.
पूरे मामले पर सीआइडी अधिकारियों का कहना है कि कोतवाली थाना अंतर्गत अदारपाड़ा व कदमतल्ला में गुप्त तरीके से फरजी मार्कशीट बनाये जाने की सूचना उन्हें कुछ दिनों से मिल रही थी. रविवार रात को गुप्त जानकारी के आधार पर दो ठिकाने पर छापामारी की गयी. इस दौरान एक किराये के घर से काफी संख्या में मार्कशीट व एडमिट कार्ड जब्त किये गये. जब्त सभी मार्कशीट व एडमिट कार्ड रवींद्र भारती मुक्त विश्वविद्यालय, अन्नामलाई मुक्त विश्वविद्यालय व कर्नाटक मुक्त विश्वविद्यालय के नाम से बनाया गया था.
वरुण इन प्रणाणपत्रों को बनाकर किन लोगों के जरिये कहां भेजता था और इस गिरोह में और कौन-कौन सदस्य शामिल हैं, इस बारे में उससे पूछताछ हो रही है जबकि दो अन्य से भी इस बारे में पूछताछ की जा रही है. सीआइडी अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस गिरोह के कुछ सदस्य गिरफ्तार कर लिये जायेंगे.
