जेएनयू प्रकरण पर देश के अन्य इलाकों के साथ-साथ कोलकाता भी विभिन्न घटनाक्रमों का केंद्र बन गया है. िदल्ली में कन्हैया पर हमले की घटना और इलाहाबाद हाइकोर्ट की ओर से राहुल गांधी पर देशद्रोह संबंधी मामला चलाने के आदेश की िदनभर चर्चा रही. दूसरी ओर, मंगलवार को यादवपुर में राष्ट्र विरोधी नारेबाजी की घटना के बाद बुधवार को कश्मीर, नगालैंड और मणिपुर की आजादी का पोस्टर मिलने से हड़कंप मच गया. केंद्र सरकार व राज्यपाल ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेयू प्रशासन और राज्य के मुख्य सचिव से घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
कोलकाता: यादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) के अंदर व बाहर मंगलवार शाम को लगे देशद्रोही नारों के बाद बुधवार को भी दिन भर तनाव बना रहा. मंगलवार को राष्ट्र विरोधी नारेबाजी के बाद बुधवार को कैंपस में विभिन्न स्थानों पर राष्ट्र विरोधी पोस्टर चिपकाये गये. रेडिकल समूह ने इन पोस्टरों में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु के समर्थन व कश्मीर, मणिपुर और नगालैंड की आजादी की वकालत की है. जेयू कैंपस में राष्ट्र विरोधी पोस्टर के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रों ने तिरंगा के साथ जुलूस निकाला और भारत माता की जय, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाये.
इस बीच, यादवपुर छात्र संसद के प्रतिनिधियों ने कुलपति सुरंजन दास से मुलाकात कर साफ कर दिया कि वे लोग राष्ट्र विरोधी नारेबाजी का समर्थन नहीं करते.
दूसरी ओर, बुधवार की शाम एबीवीपी के समर्थकों ने परिसर में लगे राष्ट्र विरोधी पोस्टर फाड़ दिये. इसे लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तनाव उत्पन्न हो गया. दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन स्थिति को कुछ ही देर में नियंत्रण में कर लिया गया.
एक पोस्टर में लिखा था, ‘हमें क्या चाहिए- आजादी, कश्मीर की आजादी, मणिपुर की आजादी, नगालैंड की आजादी. सभी पोस्टरों पर ‘रेडिकल’ नाम के एक समूह का हस्ताक्षर है. दोनों छात्र संगठनों और प्रशासन ने ऐसे पोस्टरों से खुद को अलग कर लिया है. गौरतलब है कि देशद्रोह के आरोप में कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में जेएनयू के छात्रों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए यादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रों ने मंगलवार को एक रैली निकाली, जिसमें संसद हमले के दोषी अफजल गुरु के समर्थन में नारेबाजी की गयी थी.
जेयू पर नजर, जरूरत पड़ी तो करेंगे कार्रवाई : पुलिस
इस मामले में कोलकाता पुलिस की तरफ से कहा गया कि पूरे मामले पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है. जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. फिलहाल यादवपुर की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.
यादवपुर विवि में राष्ट्र विरोधी नारे की रिपोर्ट मांगी
कोलकाता. यादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्र विरोधी नारेबाजी के परिपेक्ष्य में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है. उल्लेखनीय है कि मंगलवार की रात को यादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) में जेएनयू के गिरफ्तार छात्र संघ के नेता कन्हैया कुमार के समर्थन में और राष्ट्र विरोधी नारे लगाये गये थे. रैली में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु के समर्थन और राष्ट्र विरोधी नारे भी लगाये गये थे. छात्रों ने अफजल बोले आजादी, गिलानी बोले आजादी व छीन के लेंगे आजादी जैसे नारे लगाये थे. दूसरी ओर, कोलकाता पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.
