कोलकाता. टैक्सी ड्राइवर कुशेश्वर पांडेय पर पुलिस जुल्म करने व उनकी गिरफ्तारी की सूचना परिवारवालों को नहीं देने के खिलाफ और दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन के लिए एटक समर्थित टैक्सी संगठनों ने कमर कस ली है.
कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन के महासचिव व वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरेटर्स को-ऑर्डिनेशन कमेटी के संयोजक नवल किशोर श्रीवास्तव ने कहा है कि टैक्सी चालक पर जुल्म के खिलाफ 28 दिसंबर को विधाननगर कमीश्नरेट का घेराव किया जायेगा. उन्होंने अन्य टैक्सी संगठनों व केंद्रीय श्रम संगठन से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. इस बाबत कुछ केंद्रीय श्रमिक संगठनों के नेताओं से उनकी बातचीत हुई है. वे भी इस अभियान में शामिल होंगे. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि यह मानवीय अधिकार व पुलिस के जुल्म का मुद्दा है.
पुलिस के अत्याचार के खिलाफ टैक्सी चालकों को टैक्सी बंद कर अभियान में शामिल होना चाहिए. दोपहर एक बजे बेलियाघाटा सीआइटी रोड से जुलूस निकलेगा, जो विधाननगर कमीश्नरेट जायेगा. उन्होंने कहा िक टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार कर 25 दिनों तक पुलिस अधिकारियों ने उसके परिवार को अंधकार में रखा, जबकि परिवार के सदस्यों ने साउथ पोर्ट थाने में शिकायत कर रखी थी. यह पूरी तरह से गैरकानूनी व अमानवीय है. इस गैरकानूनी कार्य में बागुईहाटी थाने के थाना प्रभारी के साथ-साथ अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं. इस मामले में पुलिस आयुक्त हस्तक्षेप करें तथा दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करें.
