सत् गुरु नानक प्रगट्या… की धुन से गूंजा गुरुद्वारा

सिलीगुड़ी: सिखों के प्रथम धर्मगुरु नानकदेव जी महाराज की 547वीं जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनायी गयी. बुधवार को सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित गुरुद्वारा ‘सत् गुरु नानक प्रगट्या, मिटी धुंध जग चानन होया’ जैसे भजन-कीर्त्तन की धुनों से गुंजायमान हो उठा. इस मौके पर श्रद्धालुओं ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और […]

सिलीगुड़ी: सिखों के प्रथम धर्मगुरु नानकदेव जी महाराज की 547वीं जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनायी गयी. बुधवार को सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित गुरुद्वारा ‘सत् गुरु नानक प्रगट्या, मिटी धुंध जग चानन होया’ जैसे भजन-कीर्त्तन की धुनों से गुंजायमान हो उठा. इस मौके पर श्रद्धालुओं ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और दुआएं मांगीं. प्रकाश पर्व के उपलक्ष पर आयोजक कमेटी श्री गुरु सिंह सभा की ओर से भव्य तैयारियां की गयीं. गुरुद्वारे को दुल्हन की तरह सजाया गया.

सुबह से ही गुरुद्वारा परिसर में कीर्त्तन-अरदास, असा दी वार, दीवान समेत विविध धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विशाल लंगर का आयोजन किया गया. इस मौके पर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर (सीपी) मनोज वर्मा, सिलीगुड़ी महकमा अधिकारी (एसडीओ) राजनवीर सिंह कपूर, सिलीगुड़ी नगर निगम में विरोधी दल के तृणमूल नेता नान्टू पाल के अलावा सेना, एसएसबी व बीएसएफ के अधिकारी व जवान भी मत्था टेकने गुरुद्वारा पहुंचे.

श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष जीएस होड़ा ने बताया कि इस बार आमंत्रित जत्था भाई अरजन सिंह परवाना पोंटा साहिब वाले, रागी जत्था भाई सुच्चा सिंह जी की टीम द्वारा अखंड पाठ साहिब, कीर्त्तन-अरदास, असा दी वार, दीवान प्रस्तुत किये गये. सभा के महासचिव अवतार सिंह बैंस ने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं ने बगैर किसी भेदभाव के एक साथ लंगर छका. बुधवार की शाम को गुरुद्वारा परिसर में शानदार आतिशबाजी कर शहर को रोशन कर दिया गया.

प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रमों एवं गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए श्री गुरु सिंह सभा, युवा व महिला विंग की ओर से व्यापक इंतजाम किये गये थे. गुरुद्वारा में प्रकाश पर्व के उपलक्ष में धार्मिक अनुष्ठान 22 नवंबर से ही शुरू हो गया था. दार्जिलिंग जिला मुख्यालय में भी प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया.

गुरु नानकदेव की जन्म जयंती मनायी गयी

दार्जिलिंग के गुरु दरबार ने गुरु नानकदेव की 547वीं जन्म जयंती मनायी. शहर के डॉ जाकिर हुसेन रोड स्थित गुरु दरबार में यह आयोजन हुआ. इस अवसर पर सुबह 11.30 बजे गुरु नानक की तस्वीर के आगे दीप जलाया गया और भजन-कीर्त्तन किया गया. दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक गुरु का भंडारा चलाया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >