दाजिर्लिंग : लोगों को खाद्य सामग्री जमा करने के लिए दी गयी एक दिन की राहत के बाद गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने दाजिर्लिंग पर्वतीय क्षेत्र में आज फिर से अनिश्चितकालीन बंद लागू कर दिया.गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने अलग गोरखालैंड राज्य की मांग को लेकर की गयी अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल में कल एक दिन की राहत दी थी. जीजेएम के मौजूदा एवं पूर्व विधायकों एवं सांसदों का एक दल नई दिल्ली जायेगा और अलग राज्य की मांग को लेकर कांग्रेस एवं भाजपा नेताओं से मुलाकात करेगा.
सभी दुकानें बंद रही तथा सड़कों पर यातायात नहीं था. हालांकि उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की एक बस सिलीगुड़ी से यहां पहुंची और वापस लौट गयी. जीजेएम के समर्थक बड़ी संख्या में सड़कों पर मौजूद थे और गोरखालैंड की मांग कर रहे थे. जीजेएम के महासचिव रोशन गिरी तीन दिन पहले ही दिल्ली के लिए रवाना हो गये हैं लेकिन उसे निजी दौरा बताया गया है.
जीजेएम की अध्यापक एवं छात्र शाखा की भी बैठक होने वाली है जिसमें स्कूल एवं कालेजों को फिर से खोले जाने पर विचार किया जायेगा. बैठक के बाद फैसले को जीजेएम नीत गोरखालैंड संयुक्त कार्रवाई समिति को सूचित किया जायेगा. यह समिति बाद में औपचारिक घोषणा करेगी.अनिश्चित कालीन हड़ताल के तहत 2 एवं 3 सितंबर को ‘‘घर भीतर जनता’’ चरण को अंजाम दिया जायेगा जिसमें लोगों को घरों से बाहर निकलने से मना किया जायेगा.
