चुनाव अकेले लड़ेगी कांग्रेस

कोलकाता: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस गंठबंधन की अटकलें लगायी जा रही थीं, लेकिन बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्य ने इसे खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव अकेले व अपने बूते लड़ेगी. कांग्रेस व तृणमूल का गंठबंधन होना काफी मुश्किल है. दोनों पार्टियों की नीतियों में […]

कोलकाता: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस गंठबंधन की अटकलें लगायी जा रही थीं, लेकिन बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्य ने इसे खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव अकेले व अपने बूते लड़ेगी. कांग्रेस व तृणमूल का गंठबंधन होना काफी मुश्किल है. दोनों पार्टियों की नीतियों में जमीन-आसमान का फर्क है. ये बातें श्री भट्टाचार्य ने बुधवार को महानगर के महाजाति सदन में आयोजित छात्र परिषद के स्थापना दिवस समारोह में कहीं.

परिवर्तन से भी बदलाव नहीं
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल के लोग परिवर्तन चाहते थे. परिवर्तन का मतलब केवल सत्ता परिवर्तन से नहीं था. राज्य व जनता का विकास था. यही वजह है कि कांग्रेस ने तृणमूल का समर्थन किया था. तृणमूल के सत्ता में आने के बाद भी जब राज्य की दशा नहीं बदली, तब कांग्रेस को जनहित के लिए गंठबंधन तोड़ना पड़ा. अब तृणमूल की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी.

ममता को बंगाल की चिंता नहीं
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मानस भुईंया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र सरकार के खिलाफ कुप्रचार कर रही हैं, लेकिन राज्य में फैली अराजक स्थिति की उन्हें चिंता नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में धांधली और तृणमूल कार्यकर्ताओं ने हिंसा को बढ़ावा दिया था. विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं पर हमले हुए. राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है लेकिन राज्य सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे हैं.

शिक्षण संस्थानों में भी हिंसा
ईटाहार में अध्यापक पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि तृणमूल के शासनकाल में शिक्षण संस्थानों की गरिमा धूमिल हो रही है. शिक्षक-शिक्षिकाओं पर हमले हो रहे हैं. आरोप के मुताबिक तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा कॉलेजों में गुंडागर्दी की जा रही है, जिसका प्रदेश कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >