माल्दा (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के बर्द्धवानमें पिछले साल दो अक्टूबर को हुए विस्फोट के मामले में एक व्यक्ति को माल्दा जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास कलियाचक क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है.
जिले के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि बर्धमान के खगडागढ में हुए विस्फोट मामले के आरोपी बिन अमीन शेख को गत गुरुवार को कलियाचक क्षेत्र के बलियाडांगा गांव से राष्ट्रीय जांच एजेंसी की पांच सदस्यीय टीम ने गिरफ्तार किया. उसे उसी रात कोलकाता ले जाया गया.
अधिकारी ने कहा कि 24 वर्षीय शेख मुर्शिदाबाद जिले के भागबंगोला का रहने वाला है. वह कलियाचक गांव में महबूब शेख नाम के व्यक्ति के मकान का इस्तेमाल करता था. शेख को तब गिरफ्तार किया गया जब एनआईए ने महबूब से गत दो अप्रैल को पूछताछ की. दो अक्तूबर 2014 को हुए विस्फोट में जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश के दो संदिग्ध आतंकवादी मारे गए थे.
