कोलकाता: राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति अब भी भयावह बनी हुई है. शुक्रवार को गंगा नदी का स्तर बढ़ने की वजह से मालदा जिले के 15 गांव इसकी चपेट में आ गये. इन गांवों में नदी का पानी घुस आया है. इससे करीब 10 हजार लोग प्रभावित हुए हैं.
बांध में दरार : शुक्रवार की सुबह मालदा जिले के मानिकचक ब्लॉक के गोपालपुर क्षेत्र में नदी पर बने बांध में दरार पड़ गयी, जिससे नदी का पानी गांव में घुस गया. घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग व आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी वहां पहुंच गये और राहत कार्य में जुट गये. प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
इस संबंध में राज्य के सिंचाई मंत्री राजीव बनर्जी ने कहा कि राज्य के कई क्षेत्रों में नदियां उफान पर हैं. इसलिए सिंचाई विभाग की ओर से पहले ही जिलाधिकारियों को सचेत कर दिया गया है. मालदा में हुई घटना के संबंध में उन्होंने कहा कि यहां गंगा नदी का स्तर खतरे के स्तर से करीब 25 सेंमी ऊपर है, इसलिए यहां बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए सिंचाई व आपदा प्रबंधन विभाग में कार्य करनेवाले अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गयी है. मालदा जिले के जिलाधिकारी जी किरण कुमार को स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
