पत्नी पर संदेह करता था पति, एक युवक से बात करते देख वह भड़क गया, गला रेत कर की हत्या
बीरभूम-पानागढ़ : बीरभूम जिले के मल्लारपुर थाना के वाहिना ग्राम रथतलापाड़ा में पति ने अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी. बताया गया है कि ससुराल से अपनी पत्नी को लाने के लिए पति पहुंचा था. किसी युवक के साथ बात करते देख वह भड़क गया. इससे नाराज पति ने पत्नी की गला रेत कर हत्या कर दी.
घटना के बाद उक्त इलाके में उत्तेजना फैल गयी. मृतका का नाम पिंकी दास (30) बताया गया है. घटना के बाद अभियुक्त पति पलटू दास फरार है. बताया जाता है कि वधू उत्पीड़न को लेकर विगत चार वर्षों से रामपुरहाट महकमा अदालत में पति-पत्नी के बीच केस चल रहा है. दोनों की एक छह वर्ष की संतान भी है. घटना को लेकर पिंकी के मायकेवालों का आरोप है कि पलटू हमेशा पिंकी शक करता था. उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था.
इसकी वजह से पिंकी ससुराल छोड़कर अपने मायके रहने लगी. इस घटना को लेकर रामपुरहाट कोर्ट में वधू उत्पीड़न का एक मामला भी दायर किया गया था. मामला कोर्ट में चल रहा है. इसके बाद भी पलटू बीच-बीच में आना-जाना करता था. बताया जाता है कि पास के एक युवक से वह बात कर रही थी.
यह देखकर पलटू पिंकी पर भड़क गया. देर रात उसने पिंकी की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट महकमा अस्पताल भेज दिया है. इस घटना को लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है. फरार पलटू की तलाश की जा रही है.
