पुलिस ने पीछा कर ट्रक चालक को पकड़ा
मानसिक रूप से विक्षिप्त है महिला
पानागढ़ : हैदराबाद में पशु चिकित्सक प्रियंका रेड्डी से सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला जहां देश में चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं पूर्व बर्दवान जिले के आउस ग्राम में इसी तरह का एक कांड होने से बाल-बाल बच गया. मानसिक रूप से विक्षिप्त एक महिला को जबरन ट्रक पर उठाकर भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार किया है.
आरोपी ट्रक चालक का नाम आबुल शेख ( 42) बताया गया है. धृत जिले के मंगलकोट थाना के कुलसोना ग्राम का रहने वाला है. कल रात गुसकड़ा शहर के पास मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को सड़क किनारे से होकर जाते देख आबुल ने जबरन उक्त महिला को अपने ट्रक में उठाकर भागने लगा. बताया जाता है कि पास ही खड़े एक सिविक पुलिस ने उक्त ट्रक चालक को यह हरकत करते देख लिया.
तत्काल घटना की सूचना गुसकड़ा पुलिस फांड़ी को दी गयी. गुसकड़ा पुलिस ने भाग रहे ट्रक का पीछा कर अभिरामपुर के पास ट्रक समेत चालक को गिरफ्तार कर लिया गया. ट्रक में ही चीखती चिल्लाती मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को भी पुलिस ने बरामद किया. पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले के सागरदिघी एक ट्रक लेकर सीमेंट लाने के लिए गया हुआ था. आबुल सोमवार को घर पर लौट कर आराम करने के बाद वह देर रात दुर्गापुर के लिए रवाना हो रहा था.
पुलिस ने बताया कि रात 12:45 बजे के करीब गुसकड़ा नगरपालिका चेक पोस्ट पर टोल टैक्स देने के बाद वाहन का चक्का जांच करने लगा. पास ही सड़क पर एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को आबुल ने भांप लिया था. आबुल जबरन उक्त मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को अपने ट्रक पर चढ़ाकर भागने लगा.
तभी पास ही मौजूद सिविक पुलिस विकास गोराई ने भाग कर उक्त चालक को पकड़ने की कोशिश की .लेकिन आबुल ने विकास को धक्का देकर ट्रक स्टार्ट कर महिला को लेकर तेजी से भाग गया. घटना को लेकर विकास ने तत्काल गुसकड़ा थाना पुलिस को फोन कर मामले से अवगत कराया. पुलिस ऑफिसर अरुण कुमार सोम त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला कांस्टेबल को साथ लेकर ट्रक का पीछे लग गए.
बताया जाता है कि गुसकड़ा मानकर सड़क पर भाग रही ट्रक का पीछा कर पुलिस ने अभिरामपुर के पास ट्रक समेत चालक को पकड़ लिया. महिला को ट्रक से बरामद कर चालक आबुल को गिरफ्तार किया गया वही ट्रक को भी जब्त कर लिया गया. पुलिस मानसिक रूप से पीड़ित महिला के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
आज अभियुक्त को अदालत में पुलिस पेश करेगी. स्थानीय लोगों तथा पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक संभवतः दुष्कर्म करने के उद्देश्य से ही उक्त मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला का अपहरण कर अपने साथ ले जा रहा था. जिला पुलिस अधीक्षक भास्कर मुखर्जी ने बताया कि आरोपी को आज बर्दवान अदालत में पेश कर 10 दिनों की रिमांड की मांग की जाएगी.
