कोलकाता : लालबाजार की एंटी नारकोटिक्स सेल के पुलिसकर्मियों ने मानिकतला इलाके से बड़ी मात्रा में हेरोइन के साथ दो ड्रग्स विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपियों के नाम परितोष हल्दार (33) और सुमन दे (28) हैं.
दोनों को मानिकतला व बशीरहाट के दत्तोपुकुर से गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 100 ग्राम हेरोइन जब्त किया गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक उन्हें खबर मिली थी कि मानिकतला इलाके में सप्लाई के सिलसिले में एक ड्रग्स विक्रेता भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ आनेवाला है. इस जानकारी के बाद स्थानीय थाने की पुलिस के अलावा नारकोटिक्स सेल के पुलिसकर्मी भी वहां पहले से निगरानी रख रहे थे.
संदेह के आधार पर परितोष हल्दार को उल्टाडांगा मेन रोड से पकड़ा गया. वह उत्तर 24 परगना के जीवनतल्ला का रहनेवाला है. उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन जब्त होने के बाद सख्ती से पूछताछ की गयी. उसके बयान के आधार पर उत्तर 24 परगना के दत्तोपुकुर थाना अंतर्गत बशीरहाट से गिरोह के दूसरे सदस्य सुमन दे को भी गिरफ्तार किया गया. उनसे पूछताछ की जा रही है.
