कोलकाता : पार्क स्ट्रीट इलाके में एक होटल के अंदर जुए की ठेक खोलने के आरोप में पुलिस ने होटल के मालिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपियों में रजनीश कुमार मल्होत्रा उर्फ कक्कू (59) भी है, जो इस होटल का मालिक है. बाकी आरोपियों के नाम मोहम्मद शकीर (50), शाहिद परवेज (38), मोहम्मद दिलशाद (29) और मोहम्मद औरंगजेब (52) हैं. छापेमारी के दौरान होटल से एक लाख 80 हजार 600 रुपये नगद और पांच सेट प्लेइंग कार्ड के अलावा छह मोबाइल फोन जब्त किये गये.
कॉलेज के छात्र भी आजमाते थे अपनी किस्मत :
कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने बताया कि उन्हें कुछ दिनों से खबर मिल रही थी कि पार्क स्ट्रीट इलाके के एलियट रोड स्थित एक होटल में रोजाना रात को जुआ खेला जाता है. होटल में कॉलेज छात्र भी अपनी किस्मत आजमाने आते हैं. इस जानकारी के बाद लालबाजार के एंटी राउडी स्क्वाड (एआरएस) के पुलिसकर्मियों ने जांच शुरू कर मंगलवार को पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस के साथ मिलकर होटल में छापेमारी की. इस दौरान अंदर रंगेहाथों जुआ खेलते लोगों को पकड़ा गया. कब से यहां यह खेल चल रहा था और कौन-कौन लोग इस गिरोह में शामिल हैं, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है.
