आद्रा : उम्र कैद की सजायाफ्ता तथा पेरोल पर निकलने के बाद युवती को लेकर फरार हुए कुख्यात अपराधी साहेब राम हेम्ब्रम को बांदोवान थाना पुलिस ने मंगलवार की रात पश्चिम बर्दवान जिले के खंडघोष थाना इलाके से गिरफ्तार किया. वह नाम बदलकर स्थानीय राइस मिल में कार्य कर रहा था.
वर्ष 2006 में बांदोवान थाना इलाके में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने इसी थाना क्षेत्र के बोड़ागोड़ा गांव के निवासी साहेब राम हेम्ब्रम को गिरफ्तार किया था. उसने अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की थी.
इस हत्याकांड के मामले में उसे अदालत में दोषी करार देकर उम्रकैद की सजा सुनाई थी. सजा होने के बाद से वह मिदनापुर केंद्रीय जेल में था. पिछले 14 सितंबर, 2017 को उसे आट दिन के पेरोल पर रिलीज किया गया था. आड़सा थाना अंतर्गत तिलाई गांव में उसे लाया गया था. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में रहने के दौरान ही उसने स्थानीय ग्रामीण युवती के साथ मोहब्बत कर ली.
इसके बाद मौका मिलते ही वह उक्त युवती को लेकर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला और ने वह वापस जेल लौटा. इधर बांदोवान थाना पुलिस को सूचना मिली कि वह युवती को लेकर पूर्व वर्दवान जिले के खंडघोष थाना इलाके में स्थित चावल मिल में कार्य कर रहा है.
दोनों अपने आप को पति पत्नी बताकर नाम बदलकर रह रहे थे. मंगलवार की रात बांदोवान थाना पुलिस ने साहेब राम हेंब्रम तथा उस युवती को गिरफ्तार किया. बुधवार को दोनों को पुरुलिया जिला अदालत के सीजीएम के समक्ष पेश किया गया. साहेब राम हेंब्रम को जेल भेज दिया गया तथा युवती को नियमों के तहत उसके परिजनों को सौंप दिया गया.
