कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा बाजार इलाके से सोमवार को हुई टोटो चोरी की घटना के 24 घंटे के अंदर ही मंगलवार को पुलिस ने टोटो चोर को गिरफ्तार कर लिया. टोटो बरामद कर लिया गया है. उसके पास से एक रिवाल्वर और एक कारतूस भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार व्यक्ति का नाम संजीत दास है.
वह हाबरा के कमरथुबा का निवासी है. मंगलवार की दोपहर पुलिस ने दक्षिण हाबरा के गौरबंग रोड इलाके से संदेहजनक अवस्था में संजीत को पकड़ा और फिर उसके पास से हथियार बरामद किया गया. पूछताछ के बाद टोटो भी बरामद हुआ.
मालूम हो कि सोमवार को हाबरा के गोयालबाड़ी निवासी अमल अधिकारी अपना टोटो लेकर हाबरा बाजार गया था और वहां पर टोटो रखकर स्टेशन इलाके में थोड़ी देर के लिए चला गया था. जब वह वापस आकर देखा तो उसका टोटो गायब है.
काफी खोजबीन के बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने बताया कि संजीत ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. बरामद टोटो के दो बैट्री वह तीन हजार में बेच दिया है. गिरफ्तार संजीत को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जायेगा.
