सिलीगुड़ी : भाजपा की गणतंत्र बचाओ रथयात्रा को लेकर इन दिनों पूरे राज्य में राजनीतिक पारा उफान पर है. शुक्रवार 7 तारीख को भाजपा द्वारा पहली रथयात्रा कूचबिहार से निकलने वाली थी. कानूनी अड़चनों के कारण आज यह रथयात्रा नहीं निकाली गई. जबकि भाजपा ने कूचबिहार में जनसभा का आयोजन किया.
इस दौरान कूचबिहार में हिंसा की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने शुक्रवार को नाकाम कर दिया है. सिलीगुड़ी में विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर पुलिस ने कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से कई अग्नेयास्त्र तथा जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.
यह सभी लोग भाजपा की जनसभा में ही जाने वाले थे. उल्लेखनीय है कि भाजपा की जनसभा एवं रथयात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष सहित कई दिग्गज नेता कूचबिहार में डेरा जमाए हुए हैं. बृहस्पतिवार को अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने सभी से लाठी लेकर जनसभा में आने का आह्वान किया था.
उसके बाद से ही पुलिस चौकन्नी हो गई थी. सिर्फ कूचबिहार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बंगाल में पुलिस अलर्ट थी. उत्तर बंगाल के विभिन्न स्थानों से भाजपा कार्यकर्ताओं के कूचबिहार जाने की संभावना थी. क्योंकि रथयात्रा की शुरुआत भाजपा अध्यक्ष अमित शाह करने वाले थे. जनसभा में जाने वाले लोगों पर निगरानी रखने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नरेट के अधीन विभिन्न स्थानों पर बृहस्पतिवार से ही नाका चेकिंग चल रही थी. इसी नाका चेकिंग के दौरान छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है.
सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अधीन एनजेपी, सिलीगुड़ी,प्रधान नगर तथा बागडोगरा थाना इलाके से 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 4 पिस्तौल एवं कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इन लोगों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी तथा सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया. पुलिस रिमांड पर लेकर इनसे पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तड़के जलपाई मोड़ इलाके में नाका चेकिंग चल रही थी. सिलीगुड़ी थाना पुलिस की एक टीम नाका चेकिंग में लगी हुई थी.
इसी दौरान दो युवकों को पुलिस ने धर दबोचा. इनमें से एक का नाम सुजीत बनर्जी तो दूसरे का नाम मोहम्मद जहांगीर .है जिसमें से सुरजीत सिलीगुड़ी नगर निगम के 18 नंबर वार्ड का रहने वाला है. वह पुलिस की लिस्ट में पहले से ही मोस्ट वांटेड है. उसके खिलाफ सिलीगुड़ी तथा अन्य थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार काफी दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी. हत्या सहित कई मामले उसपर दर्ज है. वह कई बार जेल भी जा चुका है.
दूसरी ओर जहांगीर का घर सिलीगुड़ी नगर निगम के सात नंबर वार्ड इलाके में है . इसी तरह से एनजीपी थाना पुलिस ने बंधु नगर इलाके में एक अभियान चलाया. जिसमें काजल बर्मन नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से भी एक 9 एमएम पिस्तौल तथा कुछ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. वह एनजेपी थाना इलाके के ही शीतलापाड़ा का रहने वाला है.
पुलिस पूछताछ में उसने भी बताया है कि वह कूचबिहार जाने वाला था. हालांकि उसने यह नहीं कहा है कि वह भाजपा की जनसभा में हिस्सा लेने जा रहा था. जबकि सिलीगुड़ी थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपी सुरजीत बनर्जी तथा मोहम्मद जहांगीर ने पूछताछ में माना है कि दोनों भाजपा की जनसभा में हिस्सा लेने जा रहे थे.
प्रधान नगर थाना पुलिस ने भी विभिन्न स्थानों पर नाका चेकिंग लगा रखी थी. इसी नाका चेकिंग के दौरान राजू राय नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया. वह रतनलाल बस्ती का रहने वाला है. दार्जिलिंग मोड़ इलाके से उसे पकड़ा गया है. वह रहस्मय तरीके से इलाके में घूम रहा था. चेकिंग कर रही पुलिस की उस पर नजर पड़ी जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक पिस्तौल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
उसने माना है कि वह कूचबिहार जाने के लिए सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित बस टर्मिनस जा रहा था. वहां से बस पकड़कर कूचबिहार जाने की उसकी योजना थी. इसी तरह से बागडोगरा थाना पुलिस ने भी बिहार मोड़ इलाके में अभियान चलाया. यहां भी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. इनके नाम लड्डू राय तथा दिनेश राय बताए गए हैं. यह दोनों बिहार के रहने वाले हैं. इनके पास से एक पिस्तौल तथा दो कारतूस बरामद किए गए हैं. इन दोनों ने भी माना कि वह भाजपा की जनसभा में हिस्सा लेने कूचबिहार जा रहे थे.
पुलिस के आला आधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं
एक पर एक हथियार के साथ 6 लोगों की गिरफ्तारी से सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की भी नींद उड़ी हुई .है हालांकि इस मामले में पुलिस के कोई भी आला अधिकारी कुछ भी नहीं कहना चाहते. पुलिस सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले की जांच की जा रही है. यह लोग हथियार लेकर कहां से आए और कूचबिहार जाकर इनकी क्या योजना थी, यह पता करने की कोशिश की जा रही है. इन सभी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी.
