मालदा : कालियाचक थाने की सुजापुर ग्राम पंचायत के जोगीमोड़ इलाके में एक युवक को उसके चाचा ने गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे मंगलवार रात को मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. घायल युवक की बड़ बहन टुली बीबी ने कालियाचक थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. घटना के बाद से आरोपी चाचा असामुल शेख इलाके से भाग गया है.पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि युवक के पेट में बायीं ओर गोली लगी थी. इमरजेंसी ऑपरेशन करके गोली को निकाला गया. अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक है. फिलहाल वह वेंटीलेटर पर है. 72 घंटे जब तक नहीं बीत जाते, कुछ कह पाना मुश्किल है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायल युवक का नाम मुर्सलीम शेख (19) है. वह कालियाचक से रेशमी कपड़े ले जाकर बिहार में बेचता है. मंगलवार रात करीब नौ बजे वह बिहार जाने के लिए जोगीमोड़ में गाड़ी का इंतजार कर रहा था. तभी आरोपी चाचा से उसका विवाद हुआ और चाचा उसे गोली मारकर भाग गया.
पुलिस के पास दर्ज करायी गयी शिकायत में घायल की बड़ी बहन टुली बीबी और एक अन्य रिश्तेदार मोहम्मद मिठू शेख ने बताया कि असामुल अपाराधिक गतिविधियों में लिप्त रहता है. उस पर छिनताई, चोरी, हत्या जैसे कई गंभीर मामलों में उसके खिलाफ पुलिस में केस हैं. मुर्सलीम को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश असामुल कर रहा था, जिसका मुर्सलीम विरोध करता था. इसी बात पर विवाद हुआ और मुर्सलीम की हत्या की कोशिश की गयी.
