मालदा : घर के सामने कचरा फेंकने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया. पड़ोसी ने उसकी जमकर पिटाई कर दी . सोमवार सुबह यह घटना इंग्लिश बाजार थाना के अमृती ग्राम पंचायत के मदनपुर गांव में घटी है. बुरी तरह से घायल 40 वर्षीय महिला को परिवार वालों ने मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया है. इस मामले में हमलाकारी पड़ोसी अशोक मंडल सहित चार लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि पड़ोसी अशोक मंडल हर दिन ही उनके घर के सामने कचरा फेंकता है. इसका कई बार विरोध किया गया . मना करने के बाद भी वह लोग नहीं माने. सोमवार को भी सुबह उनलोगों ने कचरा फेंकने की कोशिश की. जब इसका विरोध किया गया तो अशोक मंडल तथा उसके परिवार के अन्य सदस्य लाठी-डंडे के साथ घर से निकले और हमला कर दिया.
घायल महिला के एक रिश्तेदार मुकेश मंडल का कहना है कि पड़ोसी के अत्याचार से उनलोगों का यहां रहना मुश्किल हो गया है. आज भी पड़ोसी परिवार के सदस्यों ने मारपीट की. आसपास के लोग चीख पुकार सुनकर मौके पर आए तो महिला की जान बच गई. नहीं तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी. इस मामले को लेकर इंग्लिश बाज़ार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. तमाम आरोपी फरार हैं तथा उसकी तलाश की जा रही है.
