कुछ दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रही थी पीड़िता
एसएसकेएम में चल रहा इलाज, हालत गंभीर
कोलकाता : सफल कैरियर बनाने में हर तरह की कोशिश के बावजूद लगातार निराशा हाथ लगने से परेशान होकर एक मॉडल ने इमारत की छत से छलांग लगा दी. घटना बेहला इलाके के सत्येन रॉय रोड की है.
जख्मी छात्रा का नाम तियासा मजुमदार है. वह पास से इलाके में स्थित विवेकानंद कॉलेज में द्वितीय वर्ष में पढ़ाई करती है. गंभीर हालत में उसे एसएसकेएम अस्पताल में ले जाया गया. वहां चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं.
पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला कि तियासा पढ़ाई के साथ मॉडलिंग में अपना कैरियर बना रही थी. शुरुआत के कुछ दिनों में उसे काफी अच्छा काम मिला, लेकिन गत कुछ महीनों से वह अपने कैरियर को लेकर काफी चिंतित थी.
हो सकता है कि इसी के कारण उसने यह कदम उठाया होगा, लेकिन समय पर अस्पताल ले जाने के कारण उसकी जान बच गयी है. उसके होश में आने पर उसका बयान लेने का पुलिस इंतजार कर रही है. उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा उसका बयान होने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
