अब तक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया था नाम
डार्क वेब सिस्टम के जरिये दुबई के ड्रग्स माफियाओं से मंगवाता था ड्रग्स
कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु व नोएडा में सप्लायरों को कूरियर के जरिये भेजता था ड्रग्स
12वीं पास करने के बाद से ड्रग्स सप्लाई की दुनिया में रखा था कदम
कोलकाता : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) कोलकाता जोनल यूनिट की टीम ने गुप्त जानकारी के आधार पर महाराष्ट्र के नासिक से ड्रग्स सप्लाय गिरोह के प्रमुख आरोपी कमलेश बस्ती (20) को गिरफ्तार किया है. उसे नासिक के अभियंत नगर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया. एनसीबी की कोलकाता जोनल यूनिट के निदेशक दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि कोलकाता के विभिन्न इलाकों से गत वर्ष निलय घोष व जेरोम वाट्सन नामक दो बदमाशों को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था. उन दोनों से पूछताछ में कमलेश बस्ती का नाम सामने आया था. इसके बाद से कमलेश को पकड़ने की काफी कोशिश की जा रही थी. हाल ही में एक गुप्त सूचना के बाद नासिक से उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
दुबई में है आका
प्राथमिक पूछताछ में उसने बताया कि वह डार्क वेब सिस्टम के जरिये इंटरनेट में दुबई में अपने प्रमुख आका से संपर्क कर उन्हें आॅर्डर देता था. इसके बाद कुरियर के जरिये ड्रग्स मंगवाकर कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और नोयडा में मौजूद ड्रग्स सप्लायरों को भेजा करता था.
12वीं की परीक्षा देने के बाद से वह इस धंधे में उतर गया
12वीं की परीक्षा देने के बाद से वह इस धंधे में उतर गया और तब से धड़ल्ले से यह धंधा कर रहा था.
एनसीबी अधिकारियों का कहना है कि उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया जा रहा है. उससे पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
