मालदा : नहीं आये डॉक्टर, मरीज ने तोड़ा दम

नर्सिंग होम पर चिकित्सा में लापरवाही का आरोप परिजनों ने थाने में दर्ज करायी शिकायत मालदा : बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए एक बेटे ने अपने पिता को सरकारी अस्पताल के बदले एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया. लेकिन वहां भी उन्हें अच्छी चिकित्सा नहीं मिली. आरोप है कि भर्ती कराये जाने के […]

नर्सिंग होम पर चिकित्सा में लापरवाही का आरोप

परिजनों ने थाने में दर्ज करायी शिकायत
मालदा : बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए एक बेटे ने अपने पिता को सरकारी अस्पताल के बदले एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया. लेकिन वहां भी उन्हें अच्छी चिकित्सा नहीं मिली. आरोप है कि भर्ती कराये जाने के 15 घंटे बाद भी कोई डॉक्टर रोगी को देखने नहीं आया. आखिरकार रोगी की मौत हो गई.
परिजनों ने इसको लेकर इंगलिश बाजार थाने में नर्सिंग होम के खिलाफ शिकायज दर्ज करायी है.
मृत रोगी का नाम महंत दारिया (65) है. वह पेशे से किसान तथा मालदा जिले के हबीबपुर थाना अंतर्गत आग्रहहरिश्चन्द्रपुर गांव का रहने वाला था. मृतक के पुत्र रंजीत दारिया ने बताया है कि शनिवार दोपहर को पिता खेत में काम करने गये थे.
वहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. खबर मिलते ही परिवार के लोग वहां पहुंचे एवं इलाज के लिए बुलबुलचंडी ग्रामीण अस्पताल ले गये. वहां उनकी चिकित्सा शुरू हुई. तबीयत में कोई सुधार नहीं देखकर डॉक्टरों ने उनको मालदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. रंजीत दारिया ने आगे बताया कि मालदा मेडिकल कॉलेज में उनके पिता की चिकित्सा सही समय पर शुरू नहीं हुई. इस बीच उनकी तबीयत बिगड़ रही थी. अच्छी चिकित्सा की उम्मीद लेकर उन्होंने अपने पिता को शहर के एक निजी अस्पताल महानंदा नर्सिंग होम में रविवार रात को भर्ती करा दिया. नर्सिंग होम प्रबंधन ने पांच हजार रुपये जमा भी लिये. साथ ही दवाइयों की एक लंबी पर्ची पकड़ा दी गई.
पैसे जमा कराने के साथ सभी दवा भी नर्सिंग होम को उपलब्ध करा दी गई. लेकिन डॉक्टर चिकित्सा करने नहीं आये. उन्होंने आगे बताया कि डॉक्टरों के नहीं आने के कारण परिवार वालों की चिंता बढ़ती गई. जब नर्सिंग होम प्रबंधन से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि अब चिंता का कोई कारण नहीं है. उसके बाद भी पिता की चिकित्सा शुरू नहीं की गई.
रंजीत ने आगे कहा कि 15 घंटे बाद डॉक्टर उनके पिता को देखने आये. डॉक्टरों ने कहा कि उनकी अवस्था काफी खराब है तथा दूसरे नर्सिंग होम के आइसीयू में रोगी को भर्ती करनी होगी. पिता को दूसरे नर्सिंग होम में ले जाने के लिए एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई. उसी एम्बुलेंस में उनकी मौत हो गई. रंजीत का आरोप है कि नर्सिंग होम द्वारा समय पर चिकित्सा शुरू नहीं करने के कारण ही उनके पिता की मौत हुई है. इसीलिए इंगलिश बाजार थाने में नर्सिंग होम के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी गई है.
इधर, पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है. दूसरी ओर नर्सिंग होम प्रबंधन ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >